मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य


नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार स्थित यमुना छठ घाट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया की पूजा-अर्चना कर समस्त दिल्लीवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। यमुना तट पर श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति के रंगों से सजे इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठी मैया की आराधना के लिए पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा, छठ गीतों, दीपों और पूजा के सूपों से सजे घाटों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उत्सवमय बना दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बोट पर सवार होकर यमुना तट पर बनाए गए छठ घाटों का निरीक्षण भी किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न घाटों पर उपस्थित छठ व्रतियों व श्रद्धालुओं का अभिवादन किया और सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संध्या अर्घ्य के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सनातन संस्कृति के महान संस्कारों का अद्भुत प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने छठी मैया और भगवान भास्कर से प्रार्थना की कि सभी व्रतियों की साधना सफल हो तथा हर परिवार में सुख, समृद्धि और आरोग्य का वास हो। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, अनुशासन, स्वच्छता, समर्पण और सामाजिक समरसता का अनुपम उत्सव है। यह पर्व हमें प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सम्मान का भाव सिखाता है। डूबते और उगते सूर्य, दोनों की उपासना करने की परंपरा जीवन के हर चरण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का संदेश देती है। छठ के दौरान परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा समाज एक साथ पूजा-अर्चना में सहभागी बनता है। यही सामूहिकता और लोक संस्कृति इस पर्व को विशेष बनाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली देश के हर हिस्से से आए लोगों का अपना घर है और पूर्वांचल समाज ने अपनी मेहनत, परिश्रम और समर्पण से राजधानी के निर्माण व विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। दिल्ली सरकार का संकल्प है कि राजधानी में रहने वाले पूर्वांचल के भाई-बहनों को अपने हर पर्व और त्योहार पर घर जैसा अपनापन और सुविधाएं मिलें। छठ महापर्व उनकी आस्था और सांस्कृतिक पहचान से गहराई से जुड़ा है, इसलिए सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए बेहतर घाट, स्वच्छ वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।

उन्होंने कहा कि इसी भावना के तहत दिल्ली सरकार द्वारा यमुना के किनारे छठ महापर्व के आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। उत्तरी दिल्ली स्थित मुनक नहर पर विकसित छठ घाट जैसी पहल भी पूर्वांचल समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग और भावनाओं को सम्मान देने की दिशा में विशेष कदम है। सरकार का प्रयास है कि राजधानी के अलग-अलग क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और व्यवस्थित घाट उपलब्ध हों, जिससे उन्हें पूजा के लिए दूर न जाना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर अपने गृह राज्य और परिवार के पास जाने की इच्छा भी स्वाभाविक है। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली और बिहार के बीच छठ स्पेशल बसों की व्यवस्था की गई है ताकि पूर्वांचल और बिहार के लोग सुविधाजनक ढंग से अपने घर पहुंच सकें और पर्व मनाकर वापस दिल्ली लौट सकें। सरकार का प्रयास केवल सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि हर पूर्वांचली परिवार को यह एहसास दिलाना है कि दिल्ली भी उनका अपना घर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777689 Articles

Share this story