पद्म भूषण से सम्मानित शारदा सिन्हा की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोक गायिका को किया नमन
नई दिल्ली, 5 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मैथिली और भोजपुरी की लोक गायिका 'पद्म भूषण' शारदा सिन्हा को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देते हुए नमन किया।
मुख्यमंत्री ने आज अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि लोक गायिका 'पद्म भूषण' शारदा सिन्हा की मधुर आवाज ने लोकगीतों को जन-जन के हृदय तक पहुंचाया। शारदा सिन्हा के गीतों ने भारतीय संस्कृति को नई ऊंचाई प्रदान की। उन्होंने अपने सुरों से पर्वों, परंपराओं और मातृभूमि की मिट्टी की महक को अमर कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी आपके गीत लोक संस्कृति और पर्व की आत्मा हैं, जो यह दर्शाता है कि आपकी कला केवल संगीत नहीं, अपितु हमारी सांस्कृतिक चेतना की धुरी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

