मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय में किया स्वच्छता अभियान का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय में किया स्वच्छता अभियान का शुभारंभ


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय में किया स्वच्छता अभियान का शुभारंभ


नई दिल्ली, 01 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में राष्ट्रव्यापी ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों और अधिकारियों के साथ सफाई अभियान में भाग लिया। अभियान के तहत डीयू परिसर से लेकर कमला नेहरू रिज (बोंटा) तक साफ-सफाई की गई और प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ ली।

अभियान की शुरुआत सुबह 7:30 बजे ग्वायर हॉल हॉस्टल के पास स्थित गोलचक्कर से हुई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता अपनी टीम के साथ पीजी मेन्स हॉस्टल और विश्वविद्यालय अतिथि गृह होते हुए कमला नेहरू रिज की ओर बढ़ीं। इस दौरान पूरे मार्ग पर सफाई अभियान चलाया गया। विश्वविद्यालय परिसर के साथ ही गेट नंबर एक के सामने स्थित कमला नेहरू रिज को भी अभियान में शामिल किया गया।

कार्यक्रम में दिल्ली विश्वविद्यालय दक्षिणी परिसर की निदेशक प्रो. रजनी अब्बी, कॉलेज ऑफ ओपन लर्निंग (सीओएल) की निदेशक प्रो. पायल मागो, नगर निगम के उत्तरी क्षेत्र की उप आयुक्त श्वेता नागरकोटी, विधायक सूर्य प्रकाश खत्री, दिल्ली के पूर्व महापौर राजा इकबाल सिंह और गांधी भवन के निदेशक प्रो. के. पी. सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और डूसू पदाधिकारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने भी अभियान में भागीदारी की। नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी इस दौरान उपस्थित रहे।

अभियान के आरंभ में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ ली। इसका उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।

दिल्ली विश्वविद्यालय में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के नोडल अधिकारी प्रो. के. पी. सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। वहीं, इसका नारा ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को स्वच्छता के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story