दिल्ली के कई हिस्सों में 100 मिमी से अधिक वर्षा होने के बाद भी यातायात सामान्य रहा : प्रवेश साहिब सिंह

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली के कई हिस्सों में 100 मिमी से अधिक वर्षा होने के बाद भी यातायात सामान्य रहा : प्रवेश साहिब सिंह


नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कई हिस्सों में 100 मिमी से अधिक वर्षा होने के बाद भी मिंटो ब्रिज, जखीरा, धौला कुआं और मूलचंद जैसे वे स्थान, जो कभी गंभीर जलभराव के लिए जाने जाते थे, वहां यातायात सामान्य बना रहा। यह बातें उन्होंने गुरुवार को मानसून कंट्रोल रूम पहुंचकर शहरभर में जलभराव की स्थिति की समीक्षा करने के दौरान कही। मंत्री ने यहां लाइव सीसीटीवी फीड के माध्यम से विभिन्न स्थानों की निगरानी की, फील्ड टीमों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों को पूरे मानसून सीजन के दौरान अधिकतम सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

मंत्री ने एकीकृत मॉनिटरिंग सिस्टम की समीक्षा की, जिसके माध्यम से शहर के संवेदनशील एवं जलभराव संभावित स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और फील्ड टीमों के साथ त्वरित समन्वय स्थापित किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि भारी वर्षा के बावजूद मिंटो ब्रिज, जखीरा, धौला कुआं और मूलचंद जैसे परंपरागत जलभराव वाले प्रमुख अंडरपासों सहित अधिकांश मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारु बना रहा। यह विभाग द्वारा मानसून से पूर्व की गई व्यापक तैयारियों का परिणाम है।

समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पीडब्ल्यूडी ने दिल्ली में जलभराव की दृष्टि से संवेदनशील 45 स्थानों की पहचान की है, जिनमें प्रमुख अंडरपास भी शामिल हैं। इन सभी स्थानों पर केंद्रीय कंट्रोल रूम से जुड़े 179 सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चौबीसों घंटे निगरानी की जा रही है। मैदानी स्तर पर तैयारियों को और मजबूत बनाने के लिए विभाग ने शहरभर में 167 स्थानों पर 754 स्थायी पंप तथा 273 स्थानों पर 305 अस्थायी पंप तैनात किए हैं। इसके अतिरिक्त इंजीनियरिंग टीमें, मशीनरी, पंप एवं आपातकालीन स्टाफ पूरे मानसून सीजन के दौरान हर समय तैयार हैं ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

मंत्री ने जन शिकायत निवारण व्यवस्था की भी समीक्षा की। 24×7 संचालित मानसून कंट्रोल रूम में सहायक अभियंता लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं और विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की निगरानी कर रहे हैं। नागरिक जलभराव अथवा संबंधित समस्याओं की सूचना टोल-फ्री हेल्पलाइन 1908, कंट्रोल रूम नंबर 011-23490323 अथवा व्हाट्सएप चैटबॉट 8130188222 पर दे सकते हैं। प्राप्त प्रत्येक शिकायत को तत्काल संबंधित कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता (फील्ड) एवं फील्ड स्टाफ को भेजा जाता है ताकि शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि पिछले 48 घंटों के दौरान लगभग 120 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया गया। अधिकांश मामलों में जलभराव को 15 से 30 मिनट के भीतर समाप्त कर दिया गया, हालांकि यह वर्षा की तीव्रता और स्थल की परिस्थितियों पर निर्भर रहा।

अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि पिछले 24 घंटों में दिल्ली के अनेक हिस्सों में औसतन लगभग 100 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि कुछ क्षेत्रों में इससे भी अधिक वर्षा हुई। इसके बावजूद लगातार निगरानी और फील्ड टीमों की त्वरित तैनाती के कारण अधिकांश महत्वपूर्ण स्थानों पर जनजीवन और यातायात पर न्यूनतम प्रभाव पड़ा।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि एक समय था जब बारिश शुरू होते ही दिल्ली के लोगों को जलभराव, जाम और घंटों की परेशानी की चिंता सताने लगती थी। हमने लोगों से वादा किया था कि बेहतर योजना और मजबूत तैयारियों के माध्यम से इस स्थिति को बदला जाएगा। आज की बारिश ने दिखा दिया है कि जब तैयारी और प्रतिबद्धता साथ आती है, तो उसका परिणाम जमीन पर दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में दिल्ली के कई हिस्सों में 100 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई, फिर भी मिंटो ब्रिज, जखीरा, धौला कुआं और मूलचंद जैसे वे स्थान, जो कभी गंभीर जलभराव के लिए जाने जाते थे, वहां यातायात सामान्य बना रहा। यह कई महीनों की तैयारी और हमारे इंजीनियरों, फील्ड स्टाफ तथा आपातकालीन टीमों की अथक मेहनत का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि हमारा काम चौबीस घंटे जारी है। प्रत्येक शिकायत की रियल-टाइम निगरानी की जा रही है, हर संवेदनशील स्थान पर लगातार नजर रखी जा रही है और हमारी टीमें किसी भी स्थिति से तुरंत निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story