रेलवे ओवर ब्रिज की मांग के बाद रेल मंत्री ने बादली रेलवे स्टेशन पर साइट निरीक्षण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
रेलवे ओवर ब्रिज की मांग के बाद रेल मंत्री ने बादली रेलवे स्टेशन पर साइट निरीक्षण के दिए निर्देश


नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को पत्र लिखकर सूचित किया है कि संबंधित रेल अधिकारियों को बादली रेलवे स्टेशन पर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओवी) साइट निरीक्षण के निर्देश दे दिए गए हैं। यह जानकारी बुधवार को विजेंद्र गुप्ता ने एक विज्ञप्ति के जरिए दी।

विज्ञप्ति के मुताबिक, यह त्वरित कार्रवाई विजेंद्र गुप्ता द्वारा रेल मंत्री को लिखे गए उस पत्र के बाद हुई है, जिसमें उन्होंने बादली क्षेत्र में लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम का मुद्दा उठाया था और वहां रेलवे ओवर ब्रिज (आरओवी) के निर्माण की तत्काल आवश्यकता पर बल दिया था। प्रस्तावित आरओवी बादली रेलवे स्टेशन और रोहिणी सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन (टी-पॉइंट) के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग स्थापित करेगा, जिससे ट्रैफिक का दबाव कम होगा और दैनिक यात्रियों का सफर सुगम होगा।

विजेंद्र गुप्ता ने रेल मंत्री को भेजे अपने प्रतिवेदन में बादली के विधायक अहिर दीपक चौधरी के पत्र का भी हवाला दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में वर्तमान में मौजूद अंडरपास दशकों पुराना है, जो उस समय की कम आबादी के हिसाब से बनाया गया था। आज की बढ़ती आबादी और वाहनों की भारी संख्या के कारण यह अंडरपास यातायात के बोझ को संभालने में पूरी तरह असमर्थ है।

गुप्ता ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि रोहिणी के निवासी जो समयपुर, सिरसपुर और लिबासपुर जैसे औद्योगिक व आवासीय क्षेत्रों में काम करते हैं, उन्हें प्रतिदिन 2 से 3 घंटे के लंबे ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ता है।

विधानसभा अध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि इस रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण से न केवल स्थानीय लोगों को लाभ होगा, बल्कि यह यूईआर-II (अर्बन एक्सटेंशन रोड) और राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगा। उन्होंने जनहित में इस परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का अनुरोध किया था, जिसे रेल मंत्रालय ने सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story