राहुल गांधी को अपनी टिप्पणी पर देश से माफी मांगनी चाहिएः वीरेंद्र सचदेवा

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी को अपनी टिप्पणी पर देश से माफी मांगनी चाहिएः वीरेंद्र सचदेवा


राहुल गांधी को अपनी टिप्पणी पर देश से माफी मांगनी चाहिएः वीरेंद्र सचदेवा


नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आलोचना की। उन्होंने राहुल गांधी के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को देश से माफी मांगनी चाहिए।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बुधवार को अपने एक्स पोस्ट में राहुल गांधी के बयानों की निंदा करते हुए लिखा कि देश आज आतंकवाद, नक्सलवाद और अलगाववाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में भारत ने केवल मजबूत इच्छाशक्ति ही नहीं दिखाई बल्कि अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर को पूर्ण रूप से भारतीय संविधान की मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य भी किया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि ऐसे नेतृत्व को अपमानित करने वाली टिप्पणियां केवल राजनीतिक हताशा और सत्ता खोने की बेचैनी को दर्शाती हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस और उसके सहयोगी हर राष्ट्रीय निर्णय चाहे वह राष्ट्रीय सुरक्षा का विषय हो या भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा का, सदैव प्रश्नचिह्न लगाने का काम करते हैं।

सचदेवा ने कहा कि देश अब समझ चुका है कि एक पक्ष “विकसित भारत” के संकल्प के साथ राष्ट्र निर्माण में जुटा है, जबकि दूसरा पक्ष भ्रम और नकारात्मक राजनीति के सहारे देश की छवि धूमिल करने में लगा है। लोकतंत्र में असहमति का अधिकार है, लेकिन राष्ट्रहित और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान की मर्यादा भी उतनी ही आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story