पंजाब में पेपर लीक को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। पंजाब में कथित पेपर लीक के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में सांसदों और कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आआपा) के दफ्तर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग की और आआपा नेतृत्व पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली भाजपा के कार्यकर्ता पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से पंजाब के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगने आए हैं। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर मनीष सिसोदिया ने कहा था कि यदि पंजाब में पेपर लीक होगा तो पंजाब के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाएगा, लेकिन पंजाब में 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर लीक होने के बावजूद आज तक केजरीवाल ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में केजरीवाल सरकार शिक्षा क्रांति नहीं, बल्कि पेपर लीक क्रांति चला रही है। उन्होंने कहा कि पहले 12वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर और फिर पंजाब स्टेट सिलेक्शन बोर्ड की फार्मास्युटिकल परीक्षा का पेपर लीक हुआ।
भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार 2022 से सत्ता में है और पिछले चार वर्षों में पेपर में गड़बड़ी या पेपर लीक के छह से अधिक मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इससे छात्र परेशान हैं, जबकि सरकार जिम्मेदारी लेने से इनकार कर रही है।
भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि प्रदर्शन का कारण आम आदमी पार्टी की कथित दोहरी राजनीति है। उन्होंने पंजाब सरकार से सवाल किया कि फार्मेसी परीक्षा के मामले में जवाबदेही क्यों तय नहीं की गई और अब तक पंजाब के शिक्षा मंत्री का इस्तीफा क्यों नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि जब छात्रों के भविष्य को दांव पर लगाया गया है तो सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

