भाजपा नेताओं ने 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना, कारगिल के शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजली

WhatsApp Channel Join Now


भाजपा नेताओं ने 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना, कारगिल के शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजली


नई दिल्ली, 26 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड को रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने राष्ट्रीय महामंत्री राधा मोहन दास अग्रवाल, ओडिशा से सांसद बलभद्र मांझी, युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी, कार्यालय मंत्री कैलाश जैन और अमित गुप्ता समेत कार्यकर्ताओं के साथ सुना। राजधानी के लगभग 6450 स्थानों पर आज प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रमों का आयोजित किया गया।

मन की बात कार्यक्रम के बाद हर्ष मल्होत्रा ने उपस्थित नेताओं एवं युवाओं के साथ कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानो के लिए मौन रखा और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि कारगिल विजय दिवस पर प्रधानमंत्री ने देश के वीर शहीदों और सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत की बढ़ती रक्षा शक्ति और आत्मनिर्भरता का उल्लेख करते हुए आईएनएस महेंद्रगिरि, पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट और कुशा मिसाइल के सफल परीक्षण को देश की वैज्ञानिक एवं सामरिक क्षमता की बड़ी उपलब्धियों को बताया। उन्होंने कहा कि ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री ने देशवासियों से जल की प्रत्येक बूंद बचाने, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के पुनर्जीवन का आह्वान किया है।

हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण, स्थानीय कारीगरों और महिला स्वयं सहायता समूहों की उपलब्धियों तथा ‘वेस्ट टू वैल्थ जैसी पहलों का उल्लेख कर प्रधानमंत्री ने नवाचार, आत्मनिर्भरता और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने का संदेश दिया है।

इसके अलावा भाजपा संगठन महामंत्री पवन राणा ने बाहरी दिल्ली जिले में, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने दिल्ली गेट वार्ड में कार्यकर्ताओं के साथ, महामंत्री योगिता सिंह ने कालकाजी मे युवाओं के साथ और महामंत्री मोहनलाल गिहारा ने मादीपुर वार्ड में प्रधानमंत्री की मन की बात कार्यक्रम को सुना।

भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आया नगर वार्ड में, सांसद कमलजीत सहरावत ने अम्बरहाई गांव में, सांसद बांसुरी स्वराज ने राज्यसभा सदस्य डॉ. अलका गुर्जर एवं सतीश पूनिया और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सरोजिनी नगर में और सांसद स्वाति मालीवाल ने मिंटो रोड़ क्षेत्र में स्थानीय निवासियों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनकर प्रधानमंत्री का संदेश समझा। चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने देश भर से आये 100 से अधिक व्यपारी नेताओं के साथ होटल आईबीएस, एयरोसिटी में 'मन की बात' कार्यक्रम को सुना।

‘मन की बात’ कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक राजन तिवारी के अनुसार लगभग 6450 स्थानों पर आज मन की बात कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story