पौधरोपण अभियान के तहत धार्मिक स्थलों को मुफ्त पौधे दिए जाएंगे : सिरसा

WhatsApp Channel Join Now
पौधरोपण अभियान के तहत धार्मिक स्थलों को मुफ्त पौधे दिए जाएंगे : सिरसा


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली सरकार राजधानी में धार्मिक स्थलों पर पौधरोपण अभियान के तहत मुफ्त पौधे देने की पहल शुरू करेगी। यह कदम दिल्ली की हरियाली बढ़ाने और वायु प्रदूषण से लड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने विभिन्न धार्मिक स्थलों के प्रतिनिधियों, वन एवं पर्यावरण विभाग और अन्य एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने इस अभियान का पूरा रोडमैप साझा किया। यह पहल सरकार के उस बड़े लक्ष्य का हिस्सा है, जिसके तहत 22 विभागों के माध्यम से 70 लाख से अधिक पेड़, पौधे और झाड़ियां लगाई जानी हैं।

बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि धार्मिक संस्थान समाज में जागरूकता फैलाने और लोगों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थान हमारी संस्कृति और मूल्यों की मजबूत नींव हैं। अगर हम इन जगहों पर मिलकर पेड़ लगाएंगे, तो हम न केवल पर्यावरण सुधारेंगे बल्कि लोगों में जागरूकता भी बढ़ाएंगे।

मंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत सभी पौधे वन विभाग और एमसीडी, एनडीएमसी और डीडीए के हॉर्टिकल्चर विभागों द्वारा मुफ्त दिए जाएंगे। उन्होंने संस्थानों से अपील की कि वे अपने परिसर में उपलब्ध जगह की पहचान करें और कितने पौधे और कौन-सी प्रजाति चाहिए, इसकी जानकारी समय पर दें।

मंत्री ने कहा कि हमारा लक्ष्य साफ है-जहां लोग इकट्ठा होते हैं, प्रार्थना करते हैं और प्रकृति से जुड़ते हैं, वहां ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाए जाएं। इन पवित्र स्थलों पर पेड़ लगाने से हवा भी साफ होगी और प्रकृति के प्रति सम्मान भी मजबूत होगा। यह अभियान वर्ष 2025 के वन महोत्सव के दौरान हुए सफल वृक्षारोपण कार्यक्रमों पर आधारित है, जिसमें धार्मिक संस्थानों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई थी। अब सरकार इसे एक व्यवस्थित योजना के तहत आगे बढ़ा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के लिए एक समन्वित व्यवस्था बनाई गई है, जिसमें सरकारी अधिकारी, स्थानीय प्रतिनिधि और वन विभाग की टीमें मिलकर काम करेंगी। एक मॉनिटरिंग सिस्टम भी तैयार किया गया है, जिसमें पौधारोपण की जानकारी और तस्वीरें पोर्टल पर अपलोड की जाएंगी।

मंत्री ने लोगों की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि यह सिर्फ सरकार का कार्यक्रम नहीं है, यह जन आंदोलन है। आप एक पेड़ लगाएं, हर प्रयास मायने रखता है। सरकार आपकी पूरी मदद करेगी। विभिन्न धार्मिक संस्थानों के प्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत किया और सक्रिय भागीदारी का भरोसा दिया। कई संस्थानों ने अपने परिसरों, स्कूलों और अन्य जगहों पर पौधरोपण की योजना भी साझा की। यह अभियान चरणों में लागू किया जाएगा, जिसमें जुलाई के मानसून के दौरान बड़े स्तर पर पौधरोपण किया जाएगा ताकि पौधों की बेहतर वृद्धि और जीवित रहने की संभावना बढ़ सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story