'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' बनते रहेंगे, महिलायें जल्द से जल्द बनवायें- पंकज सिंह

WhatsApp Channel Join Now
'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' बनते रहेंगे, महिलायें जल्द से जल्द बनवायें- पंकज सिंह


नई दिल्ली, 10 जुलाई (हि.स.)। परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को कहा कि अब तक लगभग 15 लाख 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' जारी किए जा चुके हैं और अधिकांश महिलाएं नियमित रूप से इन्हीं कार्डों के माध्यम से मुफ्त यात्रा का लाभ ले रही हैं। उन्होंने अपील की कि जिन महिलाओं ने अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है, वे जल्द से जल्द इसे बनवा लें।

डॉ. सिंह ने स्पष्ट किया कि 31 जुलाई के बाद भी डीटीसी डिपो और विशेष शिविरों के माध्यम से 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' जारी करने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी। कार्ड बनवाने की कोई अंतिम समय-सीमा निर्धारित नहीं की गई है और सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र लाभार्थी इस सुविधा से वंचित न रहे।

दिल्ली सरकार ने महिलाओं को सीधे पेपर-आधारित 'पिंक टिकट' व्यवस्था 31 जुलाई से समाप्त करने का फैसला किया है। इसके बाद 1 अगस्त से मुफ्त यात्रा का लाभ केवल 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' (एनसीएमसी) के माध्यम से ही मिलेगा।

डॉ. पंकज कुमार सिंह ने आज एक बयान में कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और निर्बाध सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के अपने संकल्प पर कायम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था लागू होने के बावजूद किसी भी पात्र महिला को मुफ्त यात्रा के लाभ से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।

डॉ. सिंह ने कहा कि पेपर-आधारित टिकट व्यवस्था से एनसीएमसी सक्षम 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' प्रणाली में बदलाव से योजना के संचालन में पारदर्शिता बढ़ेगी, लाभार्थियों का बेहतर प्रबंधन संभव होगा तथा व्यवस्था अधिक कुशल और जवाबदेह बनेगी। इसके साथ ही महिला यात्रियों को बिना किसी बाधा के मुफ्त यात्रा का लाभ मिलता रहेगा।

दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के परिचालन निर्देशों के अनुसार, 1 अगस्त से वैध 'पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड' रखने वाली महिला यात्री मुफ्त यात्रा का लाभ उठाती रहेंगी, जबकि पेपर-आधारित पिंक टिकट प्रणाली को चरणबद्ध तरीके से समाप्त कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story