मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने दिल्ली गेट और बारापुल्ला नालों में गाद हटाने के काम का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने दिल्ली गेट और बारापुल्ला नालों में गाद हटाने के काम का लिया जायजा


मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने दिल्ली गेट और बारापुल्ला नालों में गाद हटाने के काम का लिया जायजा


नई दिल्ली, 10 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मानसून से पहले दिल्ली गेट और बारापुल्ला नालों में गाद हटाने के काम की प्रगति का जायजा लेने के लिए आज यहां का दौरा किया।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि दिल्ली गेट पर लगभग 40 वर्षों से ढका हुआ नाला अब आखिरकार सफाई के लिए खोला जा रहा है। अब तक 21,000 मीट्रिक टन से अधिक गाद हटाई जा चुकी है, जो 70 फीसद से अधिक काम पूरा होने का संकेत है। उन्होंने कहा कि बारापुल्ला में गाद हटाने का काम 78 फीसद पूरा होने के करीब है और 31,000 मीट्रिक टन से अधिक गाद हटाई जा चुकी है।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि पूरे दिल्ली में नालों से गाद हटाने का काम पूरी गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि 77 नालों में से लगभग 50 फीसद गाद हटाने का काम पूरा हो चुका है और अब तक 14 लाख मीट्रिक टन से अधिक गाद हटाई जा चुकी है। लक्ष्य अभी भी 28 लाख मीट्रिक टन है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में मानसून की तैयारियों को समीक्षा बैठक की थी। उन्होंने सभी विभागों को मानसून से पूर्व (30 जून तक) नालों से गाद निकालकर उसे चिन्हित स्थानों पर पहुंचाना का निर्देश दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story