मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने किया फुटब्रिज निर्माण का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने किया फुटब्रिज निर्माण का शुभारंभ


मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने किया फुटब्रिज निर्माण का शुभारंभ


नई दिल्ली, 03 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सोमवार को उत्तर दिल्ली स्थित नजफगढ़ ड्रेन पर नए पैदल पुल (फुटब्रिज) के निर्माण का शुभारंभ किया। लगभग सात माह में पूरा होने वाला यह पुल हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करेगा।

यह नया फुटब्रिज गुड़ मंडी, राजपुरा, रूप नगर, मुखर्जी नगर और यमुना मार्ग को आपस में जोड़ेगा। इसके बनने से विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, कार्यालय जाने वाले लोगों तथा स्थानीय निवासियों को लंबे समय से चली आ रही आवागमन की कठिनाइयों से राहत मिलेगी।

शुभारंभ के अवसर पर मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि यह परियोजना दिल्ली सरकार की नागरिकों की सुरक्षा और बेहतर सार्वजनिक आधारभूत ढांचे के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

उन्होंने कुछ महीने पहले हुई पुल दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि उस घटना ने यह स्पष्ट कर दिया कि राजधानी में पुलों की नियमित संरचनात्मक जांच कितनी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के दौरान पुलों का कोई व्यापक सुरक्षा ऑडिट नहीं कराया गया, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण संरचनाओं की समय पर जांच नहीं हो सकी।

मंत्री ने कहा कि आज दिल्ली सरकार राजधानी के सभी पुलों, फ्लाईओवरों और फुटओवर ब्रिजों का व्यापक ऑडिट करा रही है ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। साथ ही हम समस्याओं के बढ़ने का इंतजार नहीं कर रहे हैं। इस नए फुटब्रिज के निर्माण के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये की राशि शीघ्र स्वीकृत की गई और अब इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक पुल का निर्माण नहीं, बल्कि दिल्ली के सार्वजनिक बुनियादी ढांचे पर लोगों के विश्वास को और मजबूत करने का प्रयास है। इसके पूरा होने के बाद लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन मिलेगा, पैदल यात्रियों की परेशानियां कम होंगी और आसपास के क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा।

लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे वर्षों से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस पुल के निर्माण से विशेष रूप से स्कूली बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और उन लोगों को लाभ मिलेगा जो बाजारों, सार्वजनिक परिवहन और आसपास के रिहायशी इलाकों तक पहुंचने के लिए पैदल आवागमन करते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story