मंत्री प्रवेश साहिब ने कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन, बोले- विकास केवल घोषणाओं से नहीं होता

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री प्रवेश साहिब ने कई परियोजनाओं का किया उद्घाटन, बोले- विकास केवल घोषणाओं से नहीं होता


नई दिल्ली, 22 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने बुधवार को पालम और निलोठी क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं में जल निकासी, सड़क संपर्क और जल एवं सीवर सेवाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मंत्री प्रवेश साहिब ने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं होता बल्कि लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं को हल करने से होता है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से हजारों परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इन कार्यों के अंतर्गत पालम लिंक ड्रेन के तटबंधों को मजबूत करना, पालम क्षेत्र में चार आरसीसी बॉक्स कलवर्ट पुलों का निर्माण, निलोठी के पास कनेक्टिविटी सुधार के लिए एक नए डबल-लेन पुल और नजफगढ़ ड्रेन के साथ सड़क का पुनःनिर्माण शामिल है।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि इसके अतिरिक्त लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली जल बोर्ड की एक महत्वपूर्ण परियोजना भी शुरू की गई है, जिसके तहत महावीर एन्क्लेव, रामफल चौक, मधु विहार और साध नगर में नई पानी और सीवर लाइनों का विस्तार किया जाएगा। इससे इन घनी आबादी वाले क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही पानी और स्वच्छता से जुड़ी समस्याओं का समाधान होगा।

मंत्री प्रवेश ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं मिलकर आम लोगों की रोजमर्रा की समस्याओं- जैसे जलभराव, ट्रैफिक जाम और बुनियादी सुविधाओं की कमी- को दूर करने में अहम भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि पालम लिंक ड्रेन को मजबूत करने से मानसून के दौरान बाढ़ और ओवरफ्लो की समस्या में कमी आएगी। वहीं, नए बनाए गए कलवर्ट पुलों से स्थानीय आवागमन आसान होगा और क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। निलोठी में नए पुल और सड़क के पुनर्निर्माण से आसपास की कॉलोनियों के लिए यातायात सुगम होगा, जिससे लोगों की दैनिक यात्रा अधिक सुरक्षित और सहज बनेगी।

मंत्री ने कहा कि हर खर्च किया गया रुपया गुणवत्ता वाले काम में दिखना चाहिए। हम समय पर काम पूरा करने और टिकाऊ इंफ्रास्ट्रक्चर सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story