राव तुलाराम फ्लाईओवर को हल्के वाहनों के लिए खोलने का निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राव तुलाराम फ्लाईओवर को हल्के वाहनों के लिए खोलने का निर्देश


राव तुलाराम फ्लाईओवर को हल्के वाहनों के लिए खोलने का निर्देश


नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सोमवार को राजधानी के राव तुलाराम (आरटीआर) फ्लाईओवर का निरीक्षण करके आज शाम से हल्के वाहनों के लिए खोलने का निर्देश दिया है।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि निरीक्षण के दौरान गैप स्लैब वाले हिस्से में कंक्रीट खराब होने, दरारें आने और लोहे की सरियों के खुले होने जैसी समस्याएं सामने आई थीं। इसी कारण सुरक्षा के मद्देनजर यहां यातायात अस्थायी रूप से बंद किया गया था। उन्होंने कहा कि आवश्यक मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है और फ्लाईओवर आज शाम से हल्के वाहनों के लिए दोबारा खोल दिया जाएगा। वर्ष 2009 में बने इस फ्लाईओवर की मजबूती और दीर्घकालिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक संरचनात्मक ऑडिट भी किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा भी उपस्थित रहे।

मंत्री सिरसा ने कहा कि दिवाली के समय दिल्ली के लोगों को जाम और प्रदूषण, दोनों से राहत मिले, इसी दिशा में आज मंत्री प्रवेश साहिब सिंह के साथ आरटीआर फ्लाईओवर का निरीक्षण किया। यहां जाम की वजह से प्रदूषण का बड़ा हॉटस्पॉट बन रहा था। उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी को देखते हुए आज शाम 6 बजे तक जरूरी मरम्मत का काम पूरा कर फ्लाईओवर खोलने के निर्देश दिए गए हैं। भारी ट्रैफिक के लिए आगे जरूरी काम भी कराया जाएगा।

मंत्री सिरसा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार हर प्रदूषण हॉटस्पॉट की लगातार निगरानी कर रही है। जाम और प्रदूषण कम करने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है, ताकि त्योहार के इस समय में लोगों को बेवजह परेशानी न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766984 Articles

Share this story