ओखला सब्जी मंडी में मिले 508 किलो नकली पनीर को किया गया नष्ट

WhatsApp Channel Join Now
ओखला सब्जी मंडी में मिले 508 किलो नकली पनीर को किया गया नष्ट


नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के खाद्य सुरक्षा विभाग ने ओखला सब्जी मंडी में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान मिले लगभग 508 किलोग्राम नकली पनीर को नष्ट कर दिया। इस मामले में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 और कानूनी प्रावधानों के तहत जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि पिछले दो दिनों में विभाग ने दिल्ली के अलग-अलग जिलों से खाद्य पदार्थों के 22 सैंपल भी लिए हैं। इन सैंपल को विस्तृत जांच के लिए निर्धारित प्रयोगशालाओं में भेजा गया है। टेस्ट रिपोर्ट के आधार पर 'फूड सेफ़्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट' और उससे जुड़े नियमों और कानूनों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा दिल्ली सरकार की प्राथमिकता है, खासकर त्योहारों के मौसम में जब दूध से बने उत्पादों, पनीर, मिठाइयों, खाने के तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग काफी ज्यादा बढ़ जाती है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि त्योहार खुशी और जश्न का समय होते हैं और हर परिवार को बिना किसी सुरक्षा की चिंता किए गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों का सेवन करने का अधिकार है। हमारी सरकार उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी जो खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता करते हैं और नागरिकों की सेहत को खतरे में डालते हैं। हमारी प्रवर्तन टीमें मिलावटी और घटिया खाने की चीजों की बिक्री रोकने के लिए पूरे शहर में सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हर जिले में फ़ूड एस्टैब्लिशमेंट, बाजारऔर सप्लाई पॉइंट की नियमित जांच, सैंपलिंग और निगरानी के लिए पर्याप्त टीमें उपलब्ध कराई गई हैं। इन टीमों को सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story