मोदी सरकार के 12 वर्षों में बदली उत्तर पश्चिमी दिल्ली की तस्वीर, 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक के विकास प्रोजेक्टः योगेंद्र चंदोलिया
नई दिल्ली, 17 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली के महामंत्री एवं उत्तर पूर्व दिल्ली के सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि पिछले 12 सालों में मोदी सरकार ने देश के साथ दिल्ली में अभूतपूर्व कार्य किए हैं और आज उसी का परिणाम है कि दिल्ली की तस्वीर पूरी तरह से बदल गई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के 12 वर्षों पूर्ण होंने के अवसर पर सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने बुधवार को अपने निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उत्तर पश्चिमी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में पिछले वर्षों में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों के बारे में बताते हुए कहा कि इन क्षेत्र में केंद्र सरकार के नेतृत्व में लगातार हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से क्षेत्रवासियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है।
सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का संकल्प है कि दिल्ली सहित देश के हर क्षेत्र में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित हों और आम नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि उत्तर पश्चिमी दिल्ली में हो रहे बड़े प्रोजेक्ट इसी विकास यात्रा का प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि रिठाला से कुंडली तक प्रस्तावित मेट्रो लाइन क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक परियोजना है। लगभग 26.5 किलोमीटर लंबी इस मेट्रो लाइन में 21 स्टेशन होंगे, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 6830 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना लाखों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराएगी तथा दिल्ली-एनसीआर की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेगी।
चंदोलिया ने कहा कि यु.ई.आर-2 के निर्माण से उत्तर पश्चिमी दिल्ली के विकास को नई दिशा मिली है। लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस महत्वपूर्ण मार्ग से दिल्ली एयरपोर्ट, मुंडका, रोहिणी, अलीपुर और आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान हुआ है। यह परियोजना ट्रैफिक दबाव कम करने और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और आयुर्वेद के क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाया गया है। रोहिणी सेक्टर-28 में आयुष मंत्रालय द्वारा केंद्रीय आयुर्वेदिक रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीएआर) का शिलान्यास 5 जनवरी 2025 को किया गया, जिसकी लागत लगभग 187 करोड़ रुपये है। इस संस्थान के साथ 100 बिस्तरों वाला आयुर्वेदिक शोध अस्पताल भी विकसित किया जाएगा।
चंदोलिया ने कहा कि रोहिणी सेक्टर-23, 24 और 25 में डीडीए द्वारा लगभग 48 करोड़ रुपये की लागत से फुटपाथ और अन्य विकास कार्य शुरू किए गए हैं, जिससे नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि खेल और युवाओं के विकास को ध्यान में रखते हुए रोहिणी सेक्टर-33 में डीडीए द्वारा लगभग 109 करोड़ रुपये की लागत से अटल खेल परिसर का निर्माण किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन शीघ्र किया जाएगा। यह परिसर युवाओं और खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के लिए किराड़ी में दिल्ली सरकार के अस्पताल का प्रस्ताव भी आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रोहिणी सेक्टर-22 में केंद्रीय विद्यालय के नए भवन का शिलान्यास किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि उत्तर पश्चिमी दिल्ली अब तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में शामिल हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों से क्षेत्र में कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा और जनसुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास के लिए नए प्रोजेक्ट और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक दिल्ली में केजरीवाल की सरकार थी तब तक दिल्ली में आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाए और ना ही राशन कार्ड बने लेकिन भाजपा की सरकार के आते ही राशन कार्ड बनने के साथ ही आयुष्मान कार्ड के तहत दिल्लीवालों को 10 लाख रुपये तक का मेडिकल लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर जिला अध्यस्क्ष विनोद सहरावत और रामचंद्र चावरिया के साथ प्रदेश प्रवक्ता शुभेंदु शेखर अवस्थी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

