कर्नाटक में छात्रों के लिए निःशुल्क यात्रा सुविधा के निर्णय का एनएसयूआई ने किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
कर्नाटक में छात्रों के लिए निःशुल्क यात्रा सुविधा के निर्णय का एनएसयूआई ने किया स्वागत


नई दिल्ली, 04 जून (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने कर्नाटक सरकार द्वारा छात्रों को निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे छात्र समुदाय की जीत बताया।

संगठन ने कहा कि कर्नाटक में एनएसयूआई ने छात्रों पर बढ़ते आर्थिक बोझ को कम करने और शिक्षा तक उनकी पहुंच को सुगम बनाने के उद्देश्य से सरकार के समक्ष निःशुल्क सार्वजनिक परिवहन सुविधा की मांग प्रमुखता से उठाई थी। सरकार ने इस मांग को स्वीकार करते हुए छात्रों के हित में यह सकारात्मक कदम उठाया है।

एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने छात्रों को निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान किए जाने के निर्णय पर कहा कि यह निर्णय लाखों छात्रों की एक महत्वपूर्ण जीत है। निःशुल्क यात्रा सुविधा से छात्रों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा और उन्हें शिक्षा प्राप्त करने में अधिक सहूलियत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि एनएसयूआई कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार का आभार व्यक्त करती है कि उन्होंने छात्रों की चिंताओं को समझते हुए इस जनहितकारी निर्णय को लागू किया। साथ ही, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला का भी धन्यवाद किया।

विनोद जाखड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में छात्रसंघ चुनावों की बहाली का निर्णय एक ऐतिहासिक कदम था, जिसने शैक्षणिक संस्थानों में लोकतांत्रिक भागीदारी और छात्र प्रतिनिधित्व को सशक्त बनाया।

उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस शासित राज्यों में छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है तथा शिक्षा और युवा सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रगतिशील एवं सकारात्मक निर्णय लिए जा रहे हैं।

विनोद जाखड़ ने कहा कि एनएसयूआई छात्रों के अधिकारों, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व तथा देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story