नोडल सचिव रूपेश कुमार ठाकुर ने पंजाबी बाग प्रदूषण हॉटस्पॉट का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
नोडल सचिव रूपेश कुमार ठाकुर ने पंजाबी बाग प्रदूषण हॉटस्पॉट का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 28 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) के सीईओ एवं पंजाबी बाग प्रदूषण हॉटस्पॉट के नोडल सचिव रूपेश कुमार ठाकुर ने बुधवार को पंजाबी बाग प्रदूषण हॉटस्पॉट का निरीक्षण कर प्रदूषण नियंत्रण और धूल की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की । इस दौरान नोडल सचिव ने हॉटस्पॉट के तीन किमी के दायरे में इस क्षेत्र का विस्तृत दौरा किया एवं प्रदूषण फैलाने वाली सभी इकाइयों एवं हॉटस्पॉट का निरीक्षण किया।

नोडल सचिव ने अधिकारियों के साथ पंजाबी बाग हॉटस्पॉट मॉनिटरिंग स्टेशन का भी दौरा किया तथा इस दौरान पश्चिमी क्षेत्र के उपायुक्त ने उन्हें मॉनिटरिंग स्टेशन की कार्यप्रणाली और यहां प्रदर्शित किए जाने वाले विभिन्न वायु गुणवत्ता मानकों की जानकारी दी।

इस टीम ने पश्चिमी क्षेत्र के मेंटेनेंस-I डिवीजन का निरीक्षण कर निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट स्थल तथा धूल नियंत्रण के लिए लगाए गए स्प्रिंकलर सिस्टम की स्थिति का जायजा लिया।

इसके बाद पंजाबी बाग स्थित दशहरा मैदान में पश्चिमी क्षेत्र के उपायुक्त ने नोडल सचिव को भूरे एवं धूलयुक्त खुले क्षेत्र (ब्राउन पैच) को गीला रखने और धूल के उत्सर्जन को रोकने के लिए तैनात दो ट्रैक्टरों के संबंध में जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान नोडल सचिव ने पंजाबी बाग हॉटस्पॉट से लगभग 1,100 मीटर की दूरी पर स्थित उत्तर-पश्चिमी जिले के शकूर बस्ती रेलवे साइडिंग यार्ड का निरीक्षण किया। इस स्थल को क्षेत्र में धूल प्रदूषण के एक संभावित प्रमुख स्रोत के रूप में चिह्नित किया गया है।

उन्होंने दिल्ली सरकार के उत्तरी मध्य जिले के संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए कि इन समस्याओं के समाधान के लिए उत्तर रेलवे के साथ समन्वय कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, डीपीसीसी के अधिकारी को नियमानुसार चालान जारी करने तथा आवश्यक होने पर लागू नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के तहत परिसर को सील करने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंतिम चरण में टीम ने पंजाबी बाग शवदाह गृह का दौरा किया। यहां नोडल सचिव ने दाह संस्कार से होने वाले उत्सर्जन को कम करने के लिए पश्चिमी क्षेत्र के उपायुक्त द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा और सराहना की।

नोडल सचिव ने सीएनजी और इलेक्ट्रिक शवदाह सुविधाओं के माध्यम से लकड़ी रहित दाह संस्कार को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इन सुविधाओं को निःशुल्क उपलब्ध कराने के निर्णय की भी प्रशंसा की, ताकि अधिक से अधिक लोग पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित हों।

निरीक्षण में पंजाबी बाग प्रदूषण हॉटस्पॉट और उसके आसपास प्रदूषण के स्रोतों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एमसीडी, डीपीसीसी, पीडब्ल्यूडी, दिल्ली सरकार, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और रेलवे के बीच समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान पश्चिमी क्षेत्र के उपायुक्त कर्नल विनोद अत्री, पश्चिमी रेंज के डीसीपी (ट्रैफिक) रणबीर सिंह, पश्चिमी क्षेत्र के सहायक आयुक्त स्वप्निल सिंह ठाकुर, राजौरी गार्डन की एसडीएम एवं पश्चिमी जिले की जिला मजिस्ट्रेट इति अग्रवाल तथा डीपीसीसी, पीडब्ल्यूडी और दिल्ली नगर निगम के पश्चिमी क्षेत्र के अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768414 Articles

Share this story