जर्जर मकान की छत गिरी, बुजुर्ग महिला की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 04 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर पूर्वी जिले के न्यू उस्मानपुर स्थित ब्रह्मपुरी इलाके में सोमवार देर रात एक जर्जर मकान की छत गिर गई। हादसे में कमरे में सो रहे दादी-पोता मलबे में दब गए। शोर-शराबा हुआ तो पड़ोसी मदद के लिए पहुंचे। पुलिस व दमकल विभाग को सूचना देने के बाद दादी-पोते को मलबे से निकालकर जीटीबी अस्पताल ले जाया गया। जहां बुजुर्ग महिला नीना वर्मा (62) को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया जबकि पोते निशांत (13) का अस्पताल में इलाज जारी है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद बुजुर्ग महिला का शव परिजनों के हवाले कर दिया है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि मकान मालिक जर्जर मकान की न तो मरम्मत करवा रहा था और न ही मकान खाली करने दे रहा था। पुलिस ने पीड़ित परिवार के बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बुजुर्ग महिला का बेटा बीमार रहता है, उसके पैरों में फिलहाल प्लस्तर बंधा हुआ है। पुलिस के मुताबिक नीना वर्मा परिवार के साथ ए-46, गली नंबर-2, ब्रह्मपुरी में किराए के मकान में भूतल पर रहती थीं। इनके पति श्रीकांत की मौत हो चुकी हैं। परिवार में बेटा, बहू व तीन पोते हैं। बेटे की टांगों में कुछ दिक्कत है, फिलहाल उसकी दोनों टांगों में प्लस्तर बंधा हुआ है, वह पूरी तरह बिस्तर पर है।

बुजुर्ग महिला ही छोटा-मोटा काम कर घर का खर्चा चला रही थीं। सोमवार रात नीना वर्मा अपने बड़े पोते के साथ एक कमरे में सो रही थीं। वहीं दूसरे कमरे में बेटा-बहू व दो पोते सो रहे थे। देर रात करीब 2 बजे नीना वर्मा वाले कमरे की छत अचानक भरभराकर गिर गई। बुजुर्ग नीना वर्मा व पोता निशांत मलबे में दब गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story