न्यू अशोक नगर थाने के मालखाना पार्किंग एरिया में लगी आग, समय रहते पाया गया काबू

WhatsApp Channel Join Now

नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब थाने के मालखाना पार्किंग एरिया में अचानक आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलते ही थाना स्टाफ और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की कोई सूचना नहीं है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब एक बजे न्यू अशोक नगर थाने के लॉन स्थित मालखाना पार्किंग एरिया में खड़े केस प्रॉपर्टी वाहनों से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने कुछ वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

आग लगते ही थाना स्टाफ तुरंत हरकत में आया और थाने में उपलब्ध फायर एक्सटिंग्विशर तथा ओवरहेड वाटर टैंक के पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही मामले की सूचना तुरंत दमकल स्टेशन न्यू अशोक नगर को दी गई। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों और पुलिस की संयुक्त कोशिशों के बाद दोपहर करीब 2:20 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि आग की शुरुआत मालखाना पार्किंग में खड़े जब्त वाहनों से हुई। हालांकि आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस कर्मियों और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story