नई शिक्षा नीति छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण : प्रो. के. के. अग्रवाल

WhatsApp Channel Join Now
नई शिक्षा नीति छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए महत्वपूर्ण : प्रो. के. के. अग्रवाल


नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। नई दिल्ली स्थित दक्षिण एशियाई विश्वविद्यालय (एसएयू) के अध्यक्ष एवं गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली के संस्थापक कुलपति प्रो. केके अग्रवाल ने कहा कि नई शिक्षा नीति (एनईपी) छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इसमें सेमेस्टर सिस्टम होने से साल में दो बार परीक्षा होती है, जिससे छात्र लगातार पढ़ाई से जुड़े रहते हैं।

प्रो. केके अग्रवाल ने हिन्दुस्थान समाचार एजेंसी से बातचीत करते हुए बताया कि दुनिया की शिक्षा अब सेमेस्टर सिस्टम पर चल रही है और भारत ने एनईपी के माध्यम से उसी गति को पकड़ने का प्रयास किया है। इसके लिए शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों और शिक्षकों को एनईपी के क्रियान्वयन के लिए अपने तंत्र को आधुनिक करना होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों को एनईपी के अनुसार अपनी सीटों और कक्षाओं में बढ़ोतरी करना जरूरी है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली विश्वविद्यालय के पहले बैच (2022-23) में 75,948 छात्रों ने प्रवेश लिया था। इनमें से 40,005 छात्रों ने तीन साल में ही पाठ्यक्रम छोड़ दिया, जबकि 35,943 छात्रों ने चार साल का पाठ्यक्रम पूरा कर 2026 में उत्तीर्ण हुए। लेकिन एक साल के मास्टर कोर्स में सीटों की कमी के कारण करीब 4,000 छात्र प्रभावित हुए। केंद्र सरकार ने 2020 में एनईपी को मंजूरी दी। इससे पहले 1986 की नीति चल रही थी। एनईपी के तहत 5+3+3+4 सिस्टम आ गया। 4 साल की डिग्री, सेमेस्टर सिस्टम, क्रेडिट सिस्टम अपनाया गया।

प्रो. केके अग्रवाल ने कहा कि शिक्षकों को छात्रों का लगातार मार्गदर्शन करके उनके भविष्य की मजबूत नींव रखने में अहम भूमिका निभानी चाहिए। एनईपी के तहत चार वर्षीय पाठ्यक्रम के विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि शिक्षकों को इसे बोझ के रूप में न लेकर छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के बारे में सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को तीन साल पूरा होने पर छात्रों की रुचि के अनुसार उनका मार्गदर्शन करना चाहिए।

प्रो. केके अग्रवाल ने कहा कि एनईपी रटने के बजाय व्यावहारिक, अनुभवात्मक और कौशल-आधारित शिक्षा पर जोर देती है। इसमें छात्रों को कक्षा के ज्ञान के साथ-साथ समाज के व्यावहारिक अनुभव से भी जोड़ने पर बल दिया गया है। इसमें प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक पर ध्यान दिया गया है।

प्रो. केके अग्रवाल ने दक्षिण एशियाई विश्वविद्यालय के बारे में बताया कि यहां भारत के साथ-साथ अन्य सभी दक्षिण एशिया के सात देशो (अफगानिस्तान, बांग्लादेश, भूटान, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका) के विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इसका दक्षिण दिल्ली के मैदान गढ़ी में 100 एकड़ का कैंपस है, इसमें हॉस्टल, लाइब्रेरी, लैब, स्विमिंग पूल और स्पोर्ट्स की पूरी सुविधा है। उन्होंने बताया कि इस कैंपस में 2400 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। इसकी क्षमता 4500 विद्यार्थी की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story