पटियाला हाउस कोर्ट के पीछे आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का उद्घाटन, नागरिकों को मिलेंगी बेहतर स्वच्छता सुविधाएं

WhatsApp Channel Join Now
पटियाला हाउस कोर्ट के पीछे आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का उद्घाटन, नागरिकों को मिलेंगी बेहतर स्वच्छता सुविधाएं


नई दिल्ली, 22 जुलाई (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बुधवार को पटियाला हाउस कोर्ट के पीछे नवनिर्मित आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एनडीएमसी के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि एनडीएमसी अपने क्षेत्र में स्वच्छ, आधुनिक, सुरक्षित और नागरिक-अनुकूल सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि लगभग 42.74 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाले एनडीएमसी क्षेत्र में वर्तमान में 364 सार्वजनिक स्वच्छता इकाइयां संचालित हैं। इनमें 291 सार्वजनिक शौचालय, 40 सामुदायिक शौचालय तथा 33 सार्वजनिक मूत्रालय शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि पटियाला हाउस कोर्ट के पीछे स्थित पुराने लगभग 25 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाले सार्वजनिक शौचालय को बढ़ती आवश्यकता के मद्देनजर हटाकर लगभग 50 वर्गमीटर क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए शौचालय का निर्माण कराया गया है। लगभग 22 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का निर्माण कार्य पांच माह में पूरा किया गया।

चहल ने बताया कि नए सार्वजनिक शौचालय में महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। पुरुष ब्लॉक में तीन वाटर क्लोसेट और पांच सेंसर आधारित यूरिनल तथा महिला ब्लॉक में तीन वाटर क्लोसेट की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि सेंसर आधारित यूरिनल से पानी की बचत होगी और संपर्क रहित उपयोग से स्वच्छता का स्तर भी बेहतर होगा। आधुनिक वेंटिलेशन और अन्य सुविधाओं के कारण यह शौचालय अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि इस सुविधा से पटियाला हाउस कोर्ट आने वाले अधिवक्ताओं, वादकारियों, न्यायालय कर्मचारियों, आगंतुकों और आम नागरिकों को लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।

एनडीएमसी उपाध्यक्ष ने कहा कि परिषद भविष्य में भी सार्वजनिक शौचालयों सहित अन्य नागरिक सुविधाओं के आधुनिकीकरण का कार्य जारी रखेगी, ताकि नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक सुविधाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और उन्हें स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story