एनडीएमसी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत ‘पर्यावरण प्रहरियों’ को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
एनडीएमसी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत ‘पर्यावरण प्रहरियों’ को किया सम्मानित


नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने विश्व पर्यावरण दिवस पर शुक्रवार को नेहरू पार्क, चाणक्यपुरी में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में 'पीपल' का एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण, मातृ सम्मान तथा जनभागीदारी आधारित हरित विकास का संदेश दिया।

इस अवसर पर परिषद क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विभिन्न ‘पर्यावरण प्रहरियों’ मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों तथा पौधों की देखभाल करने वाले निवासियों, मालियों, अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा, नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र की सांसद बांसुरी स्वराज, एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा, परिषद सदस्य सरिता तोमर, दिनेश प्रताप सिंह तथा सचिव राहुल सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने भी भाग लिया और अपनी माताओं के नाम पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि आज का दिन ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की दूसरी वर्षगांठ के रूप में भी विशेष महत्व रखता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस 5 जून 2024 को इस अभिनव एवं भावनात्मक जन-अभियान का शुभारंभ किया था। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण को मातृ सम्मान से जोड़ने वाली इस अनूठी पहल ने पिछले दो वर्षों में देशभर में एक व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले लिया है। यह अभियान नागरिकों को अपनी माताओं के सम्मान में एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण का संकल्प लेने के लिए प्रेरित करता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी दोनों को नई ऊर्जा मिली है।

चहल ने कहा कि यह केवल एक वृक्षारोपण कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रकृति और मातृत्व के प्रति हमारी भावनात्मक एवं सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। एनडीएमसी इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ा रही है। प्रत्येक रविवार सहित अन्य अवसरों पर भी नियमित रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उपाध्यक्ष ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता के माध्यम से एनडीएमसी स्वच्छ, हरित एवं टिकाऊ शहरी पर्यावरण के निर्माण में नई ऊंचाइयां प्राप्त करेगी।

चहल ने कहा कि नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) देश की सबसे प्रतिष्ठित शहरी स्थानीय निकायों में से एक है, जो लगभग 42.74 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं, हरित विकास, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, जल एवं विद्युत सेवाओं तथा सतत शहरी विकास के क्षेत्र में कार्य कर रही है। एनडीएमसी अपने क्षेत्र को स्वच्छ, हरित, पर्यावरण-अनुकूल और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

साथ ही चहल ने कहा कि एनडीएमसी का क्षेत्र दिल्ली के कुल क्षेत्रफल का केवल लगभग तीन प्रतिशत है, लेकिन इसके लगभग 55 प्रतिशत हिस्से में हरित क्षेत्र (ग्रीन कवर) है। एनडीएमसी द्वारा करीब 1,450 एकड़ हरित क्षेत्र का प्रबंधन किया जाता है, जिसमें नेहरू पार्क, सेंट्रल पार्क और संजय झील जैसे प्रमुख उद्यान शामिल हैं।

इस अवसर पर एनडीएमसी के उद्यान, स्वच्छता विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं तथा स्थानीय निवासियों की भागीदारी रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story