कुलजीत सिंह चहल ने कनॉट प्लेस में ‘हर घर तिरंगा’ कला प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
कुलजीत सिंह चहल ने कनॉट प्लेस में ‘हर घर तिरंगा’ कला प्रदर्शनी का किया शुभारंभ


नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने मंगलवार को कनॉट प्लेस स्थित जनपथ सबवे आर्ट गैलरी में ‘हर घर तिरंगा 2026 कला प्रदर्शनी एवं लाइव पेंटिंग कार्यशाला’ का उद्घाटन किया। नव सिद्धार्थ आर्ट ग्रुप के सहयोग से आयोजित यह प्रदर्शनी 20 अगस्त तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।

इस अवसर पर एनडीएमसी उपाध्यक्ष कुलजीत सिंहचहल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 10 दिवसीय प्रदर्शनी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल आर्थिक प्रगति से नहीं, बल्कि सांस्कृतिक जागरूकता, राष्ट्रीय गर्व और जनभागीदारी से भी होगा।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में 50 से अधिक कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। इनमें तिरंगे के रंगों के साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत, स्वतंत्रता आंदोलन, राष्ट्रीय एकता, विविधता और देशभक्ति की भावना को चित्रित किया गया है। प्रदर्शनी का विषय ‘कला, अभिव्यक्ति और देशभक्ति’ रखा गया है।

चहल ने कहा कि कलाकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी भावनाओं और आत्मविश्वासी, जीवंत तथा एकजुट भारत की भावना को अभिव्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देना एनडीएमसी के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है।

प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण लाइव पेंटिंग कार्यशाला है। इसमें कलाकार तिरंगे के रंगों केसरिया, सफेद, हरा और अशोक चक्र के नीले रंग का उपयोग कर देशभक्ति पर आधारित चित्र तैयार करेंगे। चहल ने कहा कि यह प्रस्तुति एकता, स्वतंत्रता और भारत की सामूहिक भावना की कलात्मक अभिव्यक्ति होगी।

युवा कलाकारों से संवाद के दौरान चहल ने उन्हें विकसित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध भारत का रचनात्मक दूत बताया। उन्होंने विद्यार्थियों, युवा कलाकारों और कला प्रेमियों से ऐसी पहलों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच नई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने के साथ युवाओं को देश की विरासत, मूल्यों और राष्ट्रीय भावना से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

चहल ने कहा, “तिरंगा केवल हमारा राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि हमारे सामूहिक गर्व, आकांक्षाओं और एकता का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने नागरिकों के मन में तिरंगे के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत किया है।

एनडीएमसी के कला एवं संस्कृति सलाहकार हर्षवर्धन शर्मा ने बताया कि वर्ष 2023 में भी सबवे में कला प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया था। कुछ कारणों से यह सिलसिला रुक गया था, जिसे अब कला एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से फिर शुरू किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कलाकारों को अवसर उपलब्ध कराने के साथ सार्वजनिक स्थानों को अधिक जीवंत और सांस्कृतिक रूप से आकर्षक बनाना है।

प्रदर्शनी में चित्रकला और मूर्तिकला क्षेत्र के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। इनमें सुरेश कुमार (क्यूरेटर), असुरवेध, अमित दत्त, ओंकार सिंह, प्रशांत ए.वी., दिनेश कुमार राम, के.के. कामरा, पी.के. छाबड़ा, अरूप के. विश्वास, रत्तन सिंह, प्रवीण उपाध्याय, विमल चंद, राकेश कुमार, राजीव कुमार, रूप चंद, अनीता मलिक और राजेश कुमार हरित शामिल हैं।

एनडीएमसी के कला एवं संस्कृति निदेशक राजेश कुमार शाह ने बताया कि प्रदर्शनी 11 से 20 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक जनपथ सबवे आर्ट गैलरी, कनॉट प्लेस में आम जनता के लिए खुली रहेगी।

इस अवसर पर एनडीएमसी के अधिकारी एवं कर्मचारी, वरिष्ठ कलाकार, युवा कलाकार और कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story