विरोध-प्रदर्शन से प्रभावित क्षेत्रों में एनडीएमसी ने चलाया स्वच्छता अभियान, प्रतिदिन 300 मीट्रिक टन कचरा एकत्र

WhatsApp Channel Join Now
विरोध-प्रदर्शन से प्रभावित क्षेत्रों में एनडीएमसी ने चलाया स्वच्छता अभियान, प्रतिदिन 300 मीट्रिक टन कचरा एकत्र


नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने मंगलवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान में एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल एवं परिषद सदस्य अनिल वाल्मीकि ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारियों के साथ भाग लिया। अभियान के दौरान मंडी हाउस में नेपाल एवं ईरान के दूतावासों के बाहर विरोध-प्रदर्शन से प्रभावित आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। विरोध-प्रदर्शन के दौरान प्रतिदिन 300 मीट्रिक टन से अधिक कचरा एकत्र किया गया।

इस मौके पर कुलजीत सिंह चहल ने कहा कि एनडीएमसी क्षेत्र में संसद भवन, प्रमुख सरकारी कार्यालय, विभिन्न देशों के दूतावास, वीवीआईपी आवास, बड़े होटल और स्कूल स्थित हैं। यहां प्रतिदिन वरिष्ठ अधिकारियों, सरकारी कर्मचारियों, राजनयिकों, विद्यार्थियों, पर्यटकों तथा देश-विदेश से आने वाले लोगों का आवागमन होता है। इसलिए क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखना एनडीएमसी की प्रमुख जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रभावित क्षेत्रों में गंदगी और कचरे को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एनडीएमसी ने तुरंत विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया, ताकि आम नागरिकों, व्यापारियों, दूतावासों में आने-जाने वाले लोगों और स्कूलों के विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर से शुरू हुए विरोध-प्रदर्शन के कारण मंडी हाउस, जंतर-मंतर, जनपथ और कनॉट प्लेस के आसपास सामान्य दिनों की तुलना में अधिक कचरा जमा हुआ। एनडीएमसी के कचरा उठाने वाले वाहनों की वजन रिपोर्ट के अनुसार, 13 अक्टूबर तक प्रतिदिन एकत्र होने वाले कचरे की मात्रा सामान्य दिनों से अधिक दर्ज की गई।

चहल ने बताया कि इस दौरान सरकारी एवं सार्वजनिक संपत्तियों और नागरिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचा। कई स्थानों पर हरित पट्टियों, पेड़-पौधों और फुटपाथों को क्षति पहुंची, जबकि कुछ शौचालयों में तोड़फोड़ भी पाई गई। दीवारों पर पोस्टर चिपकाने और नारे लिखने से भी सार्वजनिक स्थानों की सुंदरता और स्वच्छता प्रभावित हुई। इसके अलावा, कई स्थानों पर बड़ी मात्रा में खाने के पैकेट, रोटियां और अन्य खाद्य सामग्री पड़ी मिली।

उन्होंने बताया कि एनडीएमसी ने विरोध-प्रदर्शन स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई कर्मचारियों की तैनाती में लगभग 50 प्रतिशत की वृद्धि की है।

चहल ने नागरिकों से अपील की कि वे सरकारी एवं सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान न पहुंचाएं, कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर डालें और अपने आसपास सफाई बनाए रखने में सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760180 Articles

Share this story