बीके दत्त कॉलोनी में विशेष स्वच्छता अभियान, पार्क को ‘पीपल पार्क’ के रूप में विकसित करने की पहल
नई दिल्ली, 06 अक्टूबर (हि.स.)। ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल के नेतृत्व में मंगलवार को बी.के. दत्त कॉलोनी, लोधी रोड स्थित नजफ खान मकबरे से सटे पार्क में विशेष स्वच्छता एवं सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान पार्क के कायाकल्प और बेहतर रखरखाव के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर चहल ने कहा कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ पार्क को स्थानीय नागरिकों के लिए स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है। अभियान में एनडीएमसी के स्वास्थ्य, सिविल और उद्यान विभाग के विभागाध्यक्षों एवं अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
चहल ने कहा कि नजफ खान मकबरे से सटा यह पार्क भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधीन क्षेत्र के निकट स्थित है और लंबे समय से इसके समुचित रखरखाव की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। पार्क एनडीएमसी क्षेत्र में होने के कारण ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत इसकी साफ-सफाई, रखरखाव और सुधार की दिशा में पहल की गई है।
उन्होंने बताया कि पार्क के विकास के लिए सिविल विभाग ग्रिल, चारदीवारी और मुख्य प्रवेश द्वार की मरम्मत एवं रखरखाव करेगा। उद्यान विभाग घास की देखभाल, झाड़ियों एवं पेड़-पौधों की छंटाई तथा नए पौधों के रोपण का कार्य करेगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग कचरा हटाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।
इस दौरान चहल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पार्क परिसर में पीपल का पौधा भी रोपित किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और बेहतर स्वास्थ्य सुनिश्चित करने का संकल्प है। उन्होंने बताया कि पार्क में भविष्य में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा और इसे ‘पीपल पार्क’ के रूप में विशिष्ट पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
चहल ने कहा कि स्वच्छता और वृक्षारोपण एक-दूसरे के पूरक हैं। एनडीएमसी का लक्ष्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी पार्क के विकास एवं रखरखाव में सहयोग की अपील की।
इसी क्रम में चहल ने सरोजिनी नगर स्थित नवयुग स्कूल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा चित्र’ प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। एनडीएमसी के कला एवं संस्कृति विभाग तथा शिक्षा विभाग के समन्वय से आयोजित इन प्रतियोगिताओं में 43 एनडीएमसी एवं नवयुग स्कूलों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
चहल ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की झलक देखने को मिलेगी। विद्यार्थी सेवा, समर्पण, जनभागीदारी, स्वच्छ एवं हरित भारत, युवा शक्ति, नवाचार, राष्ट्र निर्माण तथा ‘विकसित भारत @2047’ जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाओं को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में सेवा भावना, अनुशासन, नागरिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के संस्कार विकसित करना आवश्यक है। कला एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को अपने विचारों और सपनों को अभिव्यक्त करने का अवसर मिलता है।
चहल ने बताया कि ‘सेवा चित्र’ प्रतियोगिता 6 से 10 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन कलाकारों, कला विशेषज्ञों, शिक्षाविदों एवं संबंधित विषयों के विशेषज्ञों की जूरी करेगी। चयनित और विजेता विद्यार्थियों को 17 अक्टूबर को आयोजित विशेष सम्मान समारोह में पुरस्कार, मेरिट प्रमाण-पत्र और सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। चयनित कलाकृतियों को प्रदर्शनी में भी प्रदर्शित किया जाएगा।
एनडीएमसी के अनुसार, इस संयुक्त पहल का उद्देश्य ‘स्वच्छता ही सेवा’ के माध्यम से स्वच्छ एवं स्वस्थ सार्वजनिक स्थलों का निर्माण तथा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के जरिए विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नागरिक जिम्मेदारी, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण की सोच विकसित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

