प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर एनडीएमसी का ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, एक लाख से अधिक दीपों से जगमगाएगी दिल्ली

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर एनडीएमसी का ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम, एक लाख से अधिक दीपों से जगमगाएगी दिल्ली


नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर के अवसर पर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी ) की ओर से ‘सेवा माह’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कर्तव्य पथ से सेवा तीर्थ तक एक लाख से अधिक मिट्टी के दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बुधवार को पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन में करीब 5,000 लाभार्थी, एनडीएमसी कर्मचारी, विद्यार्थी और शिक्षक भाग लेंगे। शाम 7 बजे एक साथ एक लाख से अधिक दीप जलाए जाएंगे।

चहल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को दीप प्रज्वलन के माध्यम से अभिव्यक्त करना है। कार्यक्रम में आयुष्मान भारत, सुकन्या समृद्धि योजना और पीएम स्वनिधि समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी भी शामिल होंगे। दीपों के माध्यम से इन योजनाओं से जुड़े संदेश और आकृतियां भी प्रदर्शित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्मदिवस ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इस वर्ष सार्वजनिक जीवन में प्रधानमंत्री के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण उनकी सार्वजनिक यात्रा के प्रमुख विषय रहे हैं।

कार्यक्रम को ‘विकसित भारत @2047’ के विजन से जोड़ते हुए चहल ने कहा कि नई दिल्ली क्षेत्र में आधुनिक शहरी अधोसंरचना, बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं, हरित क्षेत्रों, स्वच्छता और स्मार्ट सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कर्तव्य पथ, नया संसद भवन, भारत मंडपम, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, सेवा तीर्थ और कर्तव्य भवन जैसे प्रमुख विकास कार्यों का भी उल्लेख किया।

एनडीएमसी के उपाध्यक्ष ने बताया कि परिषद अपने क्षेत्र में स्वच्छता, हरित क्षेत्र, सार्वजनिक सुविधाओं, स्मार्ट सेवाओं और शहरी अधोसंरचना को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न कार्य कर रही है। उन्होंने कर्मचारियों के हित में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए करीब 4,500 कर्मचारियों के नियमितीकरण को प्रमुख उपलब्धि बताया।

चहल ने नागरिकों से भी 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों में एक दीप प्रज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ जनभागीदारी अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक दीप सेवा के नाम, एक दीप संकल्प के नाम और एक दीप राष्ट्र निर्माण के नाम।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story