रानी बाग के संत नगर में बनेगी 600 वाहनों की क्षमता वाली बहुस्तरीय पार्किंग, पीपीपी मॉडल पर होगा निर्माण

WhatsApp Channel Join Now
रानी बाग के संत नगर में बनेगी 600 वाहनों की क्षमता वाली बहुस्तरीय पार्किंग, पीपीपी मॉडल पर होगा निर्माण


रानी बाग के संत नगर में बनेगी 600 वाहनों की क्षमता वाली बहुस्तरीय पार्किंग, पीपीपी मॉडल पर होगा निर्माण


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) रानी बाग के संत नगर में करीब 3950 वर्गमीटर क्षेत्र में 600 वाहनों की क्षमता वाली बहुस्तरीय पार्किंग विकसित करने जा रहा है। इस परियोजना को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इससे पार्किंग निर्माण का खर्च निजी भागीदार वहन करेगा और निगम पर करीब 96.87 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।

दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बताया कि संत नगर में लंबे समय से बहुस्तरीय पार्किंग की मांग की जा रही थी। क्षेत्र में लगातार बढ़ते वाहनों के कारण पार्किंग की समस्या गंभीर होती जा रही है। बाजार में आने वाले लोगों और स्थानीय निवासियों को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी होती है। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था बेहतर होगी और सड़कों पर अवैध पार्किंग के कारण होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं में भी कमी आएगी।

सत्या शर्मा ने कहा कि निगम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। मार्च 2024 में इस परियोजना को विभागीय स्तर पर करीब 96.87 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित करने की मंजूरी दी गई थी। अब इसे पीपीपी मॉडल पर आगे बढ़ाने की तैयारी की गई है, ताकि निजी भागीदारी से पार्किंग सुविधा विकसित हो सके और निगम के वित्तीय संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।

योजना के तहत संत नगर, रानी बाग में लगभग 3950 वर्गमीटर जमीन पर बहुस्तरीय पार्किंग बनाई जाएगी। इसमें करीब 600 कार पार्किंग इकाइयों (ईसीएस) की क्षमता प्रस्तावित है। पार्किंग सुविधा विकसित होने से बाजार और आसपास के इलाकों में आने वाले लोगों को व्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने की जगह मिलेगी। इससे सड़कों पर वाहनों की अवैध पार्किंग और यातायात जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

परियोजना को पीपीपी मॉडल पर विकसित करने के लिए निगम एक अनुभवी सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम (पीएसयू) को परियोजना प्रबंधन सलाहकार एवं ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त करेगा। सलाहकार परियोजना की तकनीकी और वित्तीय रूपरेखा तैयार करने, निविदा दस्तावेज बनाने, अनुबंध की शर्तें निर्धारित करने और निजी भागीदार के चयन की प्रक्रिया में निगम की मदद करेगा।

सलाहकार की नियुक्ति के लिए करीब 4.84 करोड़ रुपये का अनुमान तैयार किया गया है। इसके लिए फिलहाल एक करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है, जबकि शेष राशि आगामी संशोधित बजट में उपलब्ध कराने की योजना है।

सत्या शर्मा ने कहा कि निगम का लक्ष्य संत नगर में पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान करना है। परियोजना को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को आधुनिक पार्किंग सुविधा मिल सके और निगम के आर्थिक संसाधनों का भी बेहतर उपयोग हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780381 Articles

Share this story