मोती नगर के गोल्डन रॉयल बैंक्वेट हॉल में लगी आग, समय रहते पाया गया काबू
नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर स्थित शिवाजी मार्केट में शनिवार रात करीब 8:15 बजे गोल्डन रॉयल बैंक्वेट हॉल के ऊपरी सामने वाले हिस्से में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और हालात को संभालने में जुट गई। वहीं पास में स्थित वेलोरा बैंक्वेट हॉल के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए अपने परिसर में लगी हाई प्रेशर पानी की पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। प्रारंभिक प्रयासों के चलते आग को फैलने से काफी हद तक रोक लिया गया।
इसी दौरान दमकल विभाग को भी घटना की जानकारी दे दी गई। कुछ ही देर में दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। आग लगने के समय बैंक्वेट हॉल के उस हिस्से में अधिक भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

