आजादपुर में शादी से लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या

WhatsApp Channel Join Now


नई दिल्ली, 22 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी जिले के मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में बदमाशों ने एक 18 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 2:28 बजे आजादपुर इलाके में हुई। युवक शादी समारोह से घर लौट रहा था।

पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि एक युवक घायल अवस्था में सड़क किनारे पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे तत्काल बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जांच में मृतक की पहचान जहांगीरपुरी निवासी इशु उर्फ ईशांत (18) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक सवार हमलावरों ने युवक पर कई राउंड फायरिंग की। घटनास्थल से पुलिस को खाली कारतूस भी मिले हैं। सूचना मिलते ही क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपसी रंजिश समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

Share this story