(अपडेट) तरुण की हत्या के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : रविंद्र इंद्राज

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) तरुण की हत्या के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : रविंद्र इंद्राज


(अपडेट) तरुण की हत्या के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा : रविंद्र इंद्राज


नई दिल्ली, 07 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने उत्तम नगर में होली के दौरान युवक तरुण की हत्या पर संवेदनाएं व्यक्त की। उन्होंने कहा कि समाज में शांति और भाईचारे को बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

मंत्री इंद्राज ने शनिवार को दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह, सांसद कमलजीत सहरावत और नजफगढ़ जिला अध्यक्ष राज शर्मा के साथ पीड़ित परिवार से मिले। उन्होंने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि होली जैसे आपसी भाईचारे, प्रेम और उल्लास के पर्व को कुछ दोषियों ने अपनी हिंसक मानसिकता से कलंकित करने का दुस्साहस किया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

मंत्री इंद्राज ने कहा कि दिल्ली सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि दोषियों को उनके किए की कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी और कानून पूरी मुस्तैदी के साथ अपना काम करेगा। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि पीड़ित परिवार को न्याय मिले और इस मामले में हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा।

मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि हमने सांसद और अन्य लोगों के साथ शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की। इस कठिन समय में दिल्ली सरकार परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस अपना काम कर रही है। यह घटना बेहद निंदनीय है और ऐसी त्रासदी को शब्दों में बयान करना असंभव है।

मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि होली के दिन एक पिता ने अपने बेटे को इस तरह खो दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस अपना कर्तव्य पूरी तरह निभाएगी और हम सभी को शांति और भाईचारा बनाए रखना चाहिए।

सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि इस अमानवीय घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। शोक संतप्त परिवार के दुख में हम सब समान रूप से सहभागी हैं। हमने परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को इस मामले में शीघ्र, निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story