मंत्री इंद्राज ने किया पूंठकलां ग्राम सभा में विकास कार्यों का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
मंत्री इंद्राज ने किया पूंठकलां ग्राम सभा में विकास कार्यों का शुभारंभ


मंत्री इंद्राज ने किया पूंठकलां ग्राम सभा में विकास कार्यों का शुभारंभ


नई दिल्ली, 24 मई (हि.स.)। दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने आज बवाना क्षेत्र के पूंठ कलां ग्राम सभा में नालियों, गलियों तथा 10 फुटी गलियों में सीवर लाइन संबंधी विकास कार्यों के शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं होते, बल्कि उन्हें लंबे समय तक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्य कर उन्हें जनता को समर्पित कर देगी, लेकिन जनता को भी इन कार्यों का संरक्षक बनकर जिम्मेदारी निभानी होगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र लंबे समय तक सुंदर, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बने रहें।

मंत्री ने कहा कि बवाना क्षेत्र के विकास में कोई भी स्थान पीछे नहीं रहेगा। आने वाले समय में शेष गलियों और सड़कों के जीर्णोद्धार का कार्य भी इसी गति से आगे बढ़ाया जाएगा। कई स्थानों के लेआउट तैयार किए जा चुके हैं तथा प्रत्येक क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।

मंत्री ने नागरिकों से विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि जनता स्वयं निगरानी करते हुए कार्य करवाएं। यदि किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी दिखाई देती है तो उसकी जानकारी तुरंत दी जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग विकास की सबसे बड़ी ताकत है। बिना जनसहयोग के विकास कार्यों को गति देना संभव नहीं है। सरकार और जनता मिलकर ऐसा आधारभूत ढांचा तैयार करेंगी जिससे आने वाले 15–20 वर्षों तक लोगों को जल निकासी अथवा अन्य बुनियादी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

यह परियोजना संबंधित विभाग के सहयोग से क्रियान्वित की जा रही है। यह परियोजना ग्रामीण क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

Share this story