विश्व रिकॉर्ड के लक्ष्य के साथ दो अगस्त को होगा देश का सबसे बड़ा महा रक्तदान अभियान

WhatsApp Channel Join Now
विश्व रिकॉर्ड के लक्ष्य के साथ दो अगस्त को होगा देश का सबसे बड़ा महा रक्तदान अभियान


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। लक्ष्मी तरु फाउंडेशन ने दो अगस्त को रोहिणी स्थित जापानी पार्क में देश के सबसे बड़े महा रक्तदान अभियान के आयोजन की घोषणा की। अभियान का उद्देश्य लगभग 3,100 यूनिट रक्त एकत्र कर विश्व कीर्तिमान स्थापित करना है। कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।

लक्ष्मी तरु फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को संविधान क्लब आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया की महा रक्तदान शिविर दो अगस्त को प्रातः आठ बजे से सायं छह बजे तक सेक्टर-10, रोहिणी स्थित जेएमडी टेंट, जापानी पार्क में आयोजित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य देश में स्वैच्छिक रक्तदान को जनआंदोलन का स्वरूप देना और अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ना है।

आयोजकों के अनुसार इस वर्ष का अभियान भारतीय सशस्त्र बलों के जवानों और थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को समर्पित है। शिविर में एकत्रित रक्त सशस्त्र बल रक्त आधान केंद्र, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), सफदरजंग अस्पताल लेडी हार्डिंग चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, हिंदू राव अस्पताल, लायंस ब्लड सेंटर, रोटरी ब्लड सेंटर तथा अन्य अधिकृत एवं लाइसेंस प्राप्त रक्त बैंकों और अस्पतालों को उपलब्ध कराया जाएगा।

लक्ष्मी तरु फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष विपिन गर्ग ने कहा कि संस्था का लक्ष्य लगभग 3,100 यूनिट रक्त एकत्र कर विश्व कीर्तिमान स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि इससे भी अधिक महत्वपूर्ण यह है कि यह रक्त सशस्त्र बलों के जवानों, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों तथा विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन मरीजों के जीवन बचाने में सहायक होगा।

फाउंडेशन के महासचिव अंकित गर्ग ने कहा कि यह केवल कीर्तिमान बनाने का प्रयास नहीं, बल्कि पूरे देश में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सामाजिक संगठनों से इसमें अधिकाधिक भागीदारी का आह्वान किया।

अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. महेश कुमार ने कहा कि सुरक्षित रक्त की आवश्यकता हमेशा बनी रहती है और एक यूनिट रक्त तीन लोगों तक का जीवन बचा सकता है। वहीं, बाइकर एवं उपचार विशेषज्ञ सिंपल अरोड़ा ने युवाओं से इस सेवा अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। युग संस्कृति न्यास के संस्थापक एवं अध्यक्ष आचार्य धर्मबीर ने रक्तदान को महादान बताते हुए सभी सक्षम नागरिकों से इसमें भाग लेने का आग्रह किया।

आयोजकों ने बताया कि शिविर में रक्तदान के साथ स्वास्थ्य जांच, मूल कोशिका (स्टेम सेल) पंजीकरण, थैलेसीमिया जागरूकता, नेत्रदान संकल्प अभियान तथा रक्तदाताओं के सम्मान की भी व्यवस्था रहेगी। रक्त संग्रहण केवल अधिकृत एवं लाइसेंस प्राप्त रक्त बैंकों द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप किया जाएगा।

उन्होंने मीडिया, सामाजिक संगठनों, युवाओं, शैक्षणिक संस्थानों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों से इस जनहित अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा इसे सफल बनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story