एमसीडी स्कूलों में बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन

WhatsApp Channel Join Now
एमसीडी स्कूलों में बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देने के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के स्कूलों में बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देने के लिए पांच सदस्य समिति का गठन किया गया है।

एमसीडी की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने गुरुवार को बताया कि निगम के प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्य, अच्छे संस्कार एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से पांच सदस्यीय विशेषज्ञ समिति का गठन किया है।

वर्मा ने कहा कि बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्य और समाज एवं परिवार के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराना भी आवश्यक है। इसी सोच के साथ ‘शिक्षा के साथ संस्कार, बेहतर भविष्य का आधार’ पहल शुरू की गई है, ताकि एमसीडी स्कूलों के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ अच्छे नागरिक बनने के गुण भी सीख सकें।

उन्होंने बताया कि पांच सदस्यीय विशेषज्ञ समिति में शिक्षाविदों को शामिल किया गया है जिसमें शिक्षाविद एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गोविंद राम अग्रवाल, कुलदीप चौहान, इंद्रा शर्मा, विदुषी शर्मा और गजे सिंह है। इसके अतिरिक्त निगम के शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित करने तथा वर्तमान में विद्यालयों में मूल्यपरक शिक्षा की स्थिति का आकलन करने के लिए शिक्षा उप निदेशक अनिल कुमार को विभागीय समन्वयक तथा शैक्षिक समन्वयक कुमार अखिलेश को सहयोग के लिए सम्मिलित किया गया है।

समिति बच्चों में ईमानदारी, अनुशासन, विनम्रता, सहनशीलता एवं आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रभावी गतिविधियों के सुझाव देगी। इसके साथ ही माता-पिता, बुजुर्गों और शिक्षकों के प्रति सम्मान, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सेवा, सहयोग, करुणा, आपसी सद्भाव तथा सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा जैसे मूल्यों को विद्यालयी गतिविधियों का हिस्सा बनाने की कार्ययोजना तैयार करेगी।

समिति महापुरुषों के जीवन, प्रेरक कहानियों, भारतीय संस्कृति और अच्छे नागरिक बनने के मूल्यों पर आधारित शिक्षण सामग्री तैयार करने के साथ-साथ प्रार्थना सभा, बाल सभा, खेलकूद एवं सामुदायिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में संस्कार विकसित करने के उपाय भी सुझाएगी।

वर्मा ने बताया कि समिति को अपने विस्तृत सुझाव एवं अनुशंसाएं एक माह के भीतर शिक्षा समिति के अध्यक्ष को प्रस्तुत करनी होंगी। इसके बाद प्राप्त सुझावों पर संबंधित निगम अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श कर उपयुक्त प्रस्तावों को प्रशासनिक प्रक्रिया के अनुसार एमसीडी के प्राथमिक विद्यालयों में लागू करने की दिशा में कार्यवाही की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story