दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में दाखिले होंगे अब क्यूआर कोड से, तीन हजार सफाईकर्मी-चौकीदारों की भर्ती प्रक्रिया भी तेज

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में दाखिले होंगे अब क्यूआर कोड से, तीन हजार सफाईकर्मी-चौकीदारों की भर्ती प्रक्रिया भी तेज


दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में दाखिले होंगे अब क्यूआर कोड से, तीन हजार सफाईकर्मी-चौकीदारों की भर्ती प्रक्रिया भी तेज


नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम के स्कूलों में दाखिले बढ़ाने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा समिति ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इसके तहत निगम के प्रत्येक स्कूल के बाहर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, ताकि अभिभावक घर बैठे दाखिले के लिए पंजीकरण करा सकें। वहीं, स्कूलों में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 3,000 सफाईकर्मियों और चौकीदारों की भर्ती की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

दिल्ली नगर निगम शिक्षा समिति की बैठक बुधवार को समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में एडिशनल कमिश्नर संजीव मित्तल, शिक्षा निदेशक आयुषी, समिति के सदस्य पार्षद और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में निगम के स्कूलों में चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण तथा आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में चर्चा हुई।

बैठक में स्कूलों में विद्यार्थियों की घटती संख्या पर चिंता जताते हुए दाखिला अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने एक से 15 नवंबर तक की दाखिला रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसमें दिवाली की छुट्टियों के बावजूद दाखिला प्रक्रिया जारी रहने की जानकारी दी गई। अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि प्रत्येक निगम स्कूल के बाहर क्यूआर कोड लगाया जाए। अभिभावक इसे स्कैन कर अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षक उनसे संपर्क कर दाखिले की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

इसके अलावा निगम के एजु लाइफ पोर्टल पर भी ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू की जाएगी। इसके लिए सिविक सेंटर में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों को संबंधित क्षेत्र के नजदीकी स्कूलों में भेजेगा। इसके बाद स्कूल प्रशासन अभिभावकों से संपर्क कर दाखिले की कार्रवाई करेगा।

स्कूलों में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा समिति अध्यक्ष ने एडिशनल कमिश्नर को करीब 3,000 सफाईकर्मियों और चौकीदारों की भर्ती से संबंधित फाइल एक सप्ताह के भीतर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही लंबे समय से कार्यरत चौकीदारों के नियमितीकरण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू करने को कहा गया।

बैठक में निगम के स्कूलों के पार्कों और खेल मैदानों की स्थिति सुधारने पर भी जोर दिया गया। इसके लिए उद्यान विभाग को निर्देश दिए गए कि वार्डों की तर्ज पर स्कूलों के पार्कों और मैदानों के रखरखाव के लिए यार्डस्टिक के अनुसार कर्मचारियों और मालियों की नियुक्ति का प्रस्ताव तैयार कर नियमानुसार भेजा जाए।

वहीं, स्कूलों को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाने के लिए शुरुआती चरण में 250 निगम स्कूलों का चयन किया गया है। इन स्कूलों में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण और निगरानी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

मरम्मत और निर्माण कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। अध्यक्ष ने कहा कि कई बार मेंटेनेंस विभाग स्कूलों में होने वाले कार्यों की जानकारी प्रधानाचार्यों को नहीं देता। इस पर निर्णय लिया गया कि विभाग प्रत्येक कार्य का कार्यादेश संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएगा। काम पूरा होने के बाद प्रधानाचार्य से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी लिया जाएगा। संबंधित क्षेत्र के कनिष्ठ अभियंता को भी कार्यों की पूरी जानकारी रखनी होगी। इससे निर्माण और मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता तथा जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।

बैठक के अंत में योगेश वर्मा ने अधिकारियों को सभी निर्णयों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करने और शिक्षा समिति को नियमित प्रगति रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निगम के स्कूल बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779426 Articles

Share this story