महापौर ने 500 छात्रों को प्रदान की 1000 रुपये छात्रवृति, एमसीडी के वेब ऐप का किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
महापौर ने 500 छात्रों को प्रदान की 1000 रुपये छात्रवृति, एमसीडी के वेब ऐप का किया शुभारंभ


नई दिल्ली, 09 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने गुरुवार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 500 प्रतिभाशाली छात्रों को एक क्लिक के माध्यम से छात्रवृत्ति सीधे उनके खातों में भेजी। छात्रवृत्ति सनग्रो कंपनी द्वारा प्रदान की साथ ही एक वेब ऐप का शुभारंभ किया।

इस दाैरान कार्यक्रम में दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा शामिल हुए।

इस अवसर पर दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में देश का भविष्य तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में निगम के शिक्षा विभाग में कई नई योजनाओं को आरंभ किया एवं छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु प्रयास किए जा रहे हैं। महापौर ने निगम शिक्षकों से अनुरोध किया कि वो भी छात्रों को पूरी तन्मयता एवं समर्पण के साथ पढ़ाए।

महापौर ने कहा कि नगर निगम के शिक्षा विभाग ने आज 1514 निगम विद्यालयों के लिए एक वेब ऐप जारी किया है जिसकी सहायता से अभिभावक घर बैठे ही अपने बच्चों के गृहकार्य, कक्षाकार्य और उपस्थिति इत्यादि जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि यह निगम का सौभाग्य है कि उसके पास इतने अच्छे अध्यापक हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा हर बच्चे की बुनियादी जरूरत है और आज दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में इस कार्य को पूरी शिद्दत के साथ किया जा रहा है।

दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन है कि बच्चों को नई एवं अच्छी तकनीक के साथ पढ़ाए। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में आज इस वेब ऐप का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने कहा क्यू आर कोड की सहायता से अभिभावक स्कैन करके विद्यालय संबंधी कार्यकलापों की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे।

योगेश वर्मा ने निगम विद्यालय के 500 छात्रों को 1000 रुपये छात्रवृति देने के लिए सनग्रो कंपनी का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि निगम के विद्यालयों के कक्षा पांच के 500 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की सूची वेबसाइट पर है जिन्हें कोई भी विद्यालय दाखिला दे सकता है।

योगेश वर्मा ने बताया कि पीएम श्री एवं सीएम श्री विद्यालय की तर्ज पर दिल्ली नगर निगम द्वारा 24 निगम श्री विद्यालय आरम्भ किए गए हैं। शिक्षा विभाग की पिछले एक वर्ष की उपलब्धियों पर एक पत्रक जारी किया।

वेब एप विमोचन में अतिरिक्त आयुक्त संजीव मित्तल, निदेशक शिक्षा निखिल तिवारी, एस ए आर डी एनजीओ से सुधीर भटनागर, सनग्रो कंपनी से वरुण, निगम के शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story