राहगीरी दिवस में सड़क सुरक्षा, स्वच्छता और कचरा पृथक्करण का दिया गया संदेश
नई दिल्ली, 09 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने रविवार को डीएलएफ मिडटाउन प्लाजा शिवाजी महाराज मार्ग करमपुरा औद्योगिक क्षेत्र मोती नगर में राहगीरी दिवस का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों के बीच सड़क सुरक्षा, स्वच्छता और कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन सेंट्रल जोन (करोल बाग) के उपायुक्त दिलखुश मीणा के नेतृत्व में राहगीरी फाउंडेशन और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक नागरिकों, जिनमें लगभग 100–150 स्कूली छात्र शामिल थे, ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नागरिकों और छात्रों की सहभागिता के लिए साइकिलिंग, फिटनेस गतिविधियां, इंटरैक्टिव गेम्स और जागरूकता कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, कचरा पृथक्करण और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन के संबंध में जागरूकता पैदा करने पर विशेष जोर दिया गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नागरिकों को स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण करने और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
एमसीडी ने कार्यक्रम में “जल्दबाजी में कचरा न फेंकें, कचरे को अलग-अलग करें” संदेश पर विशेष जोर दिया गया। नागरिकों से कचरे का उचित पृथक्करण करने और इसे अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
आयोजन में शहर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से विशेष रूप से युवाओं और छात्रों को स्वच्छ सड़कें, स्वच्छ हवा और स्वच्छ एवं स्वस्थ दिल्ली के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव

