एमसीडी ने दया बस्ती रेलवे स्टेशन से हटाया 250 मीट्रिक टन लेगेसी कचरा

WhatsApp Channel Join Now
एमसीडी ने दया बस्ती रेलवे स्टेशन से हटाया 250 मीट्रिक टन लेगेसी कचरा


नई दिल्ली, 23 मार्च (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने संकरे रास्तों वाले दया बस्ती रेलवे स्टेशन स्थल पर बड़े पैमाने पर लेगेसी कचरा हटाने का कार्य संपन्न किया।

नगर निगम ने गंभीर लॉजिस्टिक चुनौतियों से निपटने के लिए बीआरएन रेलवे वैगनों का रणनीतिक रूप से उपयोग कर कचरे को उठाने और उसके परिवहन की व्यवस्था की। इस पहल ने एमसीडी को घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्र में कचरा हटाने के कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने में सक्षम बनाया।

निगम ने निर्धारित रेलवे लाइन ब्लॉकेज के दौरान वरिष्ठ जोनल अधिकारियों की उपस्थिति में कूड़े का लोडिंग कार्य किया। कुल 10 बीआरएन वैगनों को सफलतापूर्वक लोड किया गया जिससे दया बस्ती स्थल से लगभग 250 मीट्रिक टन लेगेसी कचरा हटाया गया।

करोल बाग जोन के उपायुक्त दिलखुश मीणा ने कहा कि यह पहल दिल्ली में अपनी तरह का पहला मॉडल है, जो लेगेसी कचरे के निस्तारण के लिए रेलवे लॉजिस्टिक्स के प्रभावी उपयोग को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story