ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एमसीडी और पीडब्ल्यूडी ने किया प्रमुख क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण
नई दिल्ली, 09 सितंबर (हि.स.)। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के प्रधान सचिव संदीप कुमार के साथ बुधवार को ब्रिक्स सम्मेलन 2026 की तैयारियों के मद्देनजर राजधानी के प्रमुख स्थानों का विस्तृत संयुक्त निरीक्षण किया और जमीनी स्तर पर तैयारियों का जायजा लिया।
संयुक्त निरीक्षण की शुरुआत ब्रिक्स सम्मेलन के आयोजन स्थल और भारत मंडपम के आसपास के क्षेत्रों से की गई। इस अवसर पर निगमायुक्त ने व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित विभागों को बेहतर समन्वय से स्वच्छता एवं इससे जुड़े कार्यों को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ब्रिक्स सम्मेलन से जुड़े सभी चिन्हित मार्गों, आयोजन स्थलों, आसपास के क्षेत्रों, बाजारों, सड़कों, फुटपाथों, ग्रीन बेल्ट तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर गहन एवं विशेष सफाई सुनिश्चित की जाए।
संयुक्त टीम ने दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के सराय काले खां, लोधी रोड और निजामुद्दीन सहित प्रमुख स्थानों एवं आगंतुकों के आवागमन वाले मार्गों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ब्रिक्स सम्मेलन के अंतिम एवं महत्वपूर्ण चरण के दौरान सभी स्थानों पर पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों, मशीनरी एवं पर्यवेक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान दक्षिण क्षेत्र के साकेत और शेख सराय क्षेत्रों में भी तैयारियों का जायजा लिया गया। संजीव खिरवार ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि चिन्हित सभी स्थानों पर स्वच्छता एवं सफाई, सड़कों एवं फुटपाथों, हरित क्षेत्रों, सार्वजनिक सुविधाओं, प्रवर्तन, पशु नियंत्रण, वेक्टर नियंत्रण, सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था तथा ब्रांडिंग में स्पष्ट एवं प्रभावी सुधार सुनिश्चित किया जाए।
दिल्ली नगर निगम और दिल्ली सरकार साथ मिलकर ब्रिक्स सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों के साथ-साथ राजधानी के सभी निवासियों एवं आगंतुकों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और स्वागतपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम के संबंधित जोनों के उपायुक्त के साथ-साथ पीडब्ल्यूडी और दिल्ली नगर निगम के अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

