नगर निगम में उज्ज्वला योजना के तहत निःशुल्क गैस चूल्हा–सिलेंडर का वितरण
नई दिल्ली, 16 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय सिविक सेंटर में शुक्रवार को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी और दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क गैस चूल्हा और एलपीजी सिलेंडर प्रदान किए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग के हित में किए जा रहे कार्यों को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि पहले बरसात के मौसम में महिलाओं को खाना बनाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन उज्ज्वला योजना के बाद यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो गई है। लकड़ी और पारंपरिक चूल्हों से होने वाले धुएं के कारण स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को नुकसान पहुंचता था, जिसे यह योजना कम करने में सहायक है।
दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने व्यापक परिवर्तन देखा है। प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की पीड़ा को समझते हुए स्वच्छ ईंधन जैसी योजनाएं लागू कीं, जिससे आज महिलाओं को रसोई में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत नगर निगम के 251 कर्मचारियों को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नगर निगम दिल्ली की महिलाओं को इस योजना से लाभान्वित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में उप महापौर जय भगवान यादव, नेता सदन प्रवेश वाही, डेम्स कमेटी के अध्यक्ष संदीप कपूर, स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा सहित अनेक निगम पार्षद एवं भाजपा नेता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

