एमसीडी ने करोल बाग जोन में साइक्लोथॉन का किया आयोजन
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने शनिवार को करोल बाग जोन में आठ किलोमीटर लंबी साइक्लोथॉन का आयोजन किया। जिससे नागरिकों एवं नगर निगम कर्मचारियों के बीच फिटनेस को बढ़ावा देने तथा स्वच्छ एवं हरित दिल्ली मिशन को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना था। इसी दौरान निर्धारित मार्ग पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जो दिल्ली नगर निगम के नागरिक सहभागिता और जिम्मेदारी के प्रति के समग्र दृष्टिकोण को दर्शाता है।
उपायुक्त दिलखुश मीणा ने राजेंद्र नगर से हरी झंडी दिखाकर साइक्लोथॉन का शुभारंभ किया। दिलखुश मीणा ने ऐसे आयोजनों के महत्व पर बल दिया, जो सामुदायिक भागीदारी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को बढ़ाते हैं।
यह साइक्लोथॉन न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने का माध्यम बना, बल्कि स्वच्छ और हरित शहरी वातावरण बनाए रखने के संदेश को भी सुदृढ़ करने का एक मंच साबित हुआ। दिल्ली नगर निगम ने भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों को जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से एक स्वस्थ, स्वच्छ और सतत दिल्ली का निर्माण किया जा सके।
इस आयोजन में बड़ी संख्या में उत्साही नागरिकों और निगम कर्मचारियों ने भाग लिया। उनकी सहभागिता और ऊर्जा ने शहर में फिटनेस और स्वच्छता अभियानों के प्रति बढ़ती जागरूकता और समर्थन को प्रदर्शित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

