शालीमार बाग में बनेगा विश्वस्तरीय ऑडिटोरियम एवं सामुदायिक केंद्र

WhatsApp Channel Join Now
शालीमार बाग में बनेगा विश्वस्तरीय ऑडिटोरियम एवं सामुदायिक केंद्र


- दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने एमओयू पर किए हस्ताक्षर

नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी में सार्वजनिक सुविधाओं और नागरिक अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में विश्वस्तरीय ऑडिटोरियम एवं सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह परियोजना मुख्यमंत्री विकास निधि के अंतर्गत विकसित की जाएगी।

समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर निगमायुक्त संजीव खिरवार तथा एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. केपी महादेवस्वामी की उपस्थिति में किए गए। इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि यह परियोजना राजधानी में आधुनिक सामुदायिक ढांचे को विकसित करने की दिशा में एक अहम पहल साबित होगी।

प्रस्तावित परियोजना के अंतर्गत अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त लगभग 1000 व्यक्तियों की क्षमता वाला विश्वस्तरीय ऑडिटोरियम बनाया जाएगा। यह ऑडिटोरियम सार्वजनिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों, संगोष्ठियों, सरकारी कार्यक्रमों तथा सामुदायिक सभाओं के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य करेगा। इसके अतिरिक्त लगभग 100-100 लोगों की क्षमता वाले दो आधुनिक सम्मेलन कक्ष भी विकसित किए जाएंगे, जिनका उपयोग बैठकों, कार्यशालाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं जनसंवाद के लिए किया जाएगा।

एमसीडी के अनुसार, यह परियोजना सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार की जा रही है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद शालीमार बाग एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक पेशेवर मंच उपलब्ध होगा, जहां विभिन्न संस्थाएं और संगठन अपने कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे।

देशभर में कई बड़ी अवसंरचना परियोजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रसिद्ध भारत सरकार के उपक्रम एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के साथ साझेदारी से इस परियोजना में उच्च गुणवत्ता, समयबद्ध निर्माण कार्य तथा आधुनिक वास्तु विकास सुनिश्चित होने की उम्मीद जताई जा रही है।

एमसीडी ने कहा कि यह पहल दिल्ली में जनोपयोगी सेवाओं को सुदृढ़ करने और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में उसकी निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story