एमसीडी ने करोल बाग में 12.5 करोड़ रुपये की नवनिर्मित निगम प्राथमिक विद्यालय का किया उदघाटन

WhatsApp Channel Join Now
एमसीडी ने करोल बाग में 12.5 करोड़ रुपये की नवनिर्मित निगम प्राथमिक विद्यालय का किया उदघाटन


नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने करोल बाग क्षेत्र के बलजीत नगर वार्ड में स्थित प्रेम नगर निकट गौशाला पार्क में नवनिर्मित निगम प्राथमिक विद्यालय भवन का सोमवार को उदघाटन किया। इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम में नेता सदन प्रवेश वाही, निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा उपस्थित रहे।

नवनिर्मित निगम प्राथमिक विद्यालय भवन दो एकड़ में बनाया गया है। जिसमें लगभग 1456 वर्ग मीटर में विद्यालय भवन का निर्माण हुआ है तथा बाकी 6556 वर्ग मीटर हरित क्षेत्र एवं मनोरंजनात्मक गतिविधियों के लिए रखा गया है। विद्यालय के निर्माण में 12.5 करोड़ रुपये की लागत आई है। विद्यालय भवन में 20 कक्षा कक्ष, 14 अन्य कमरे, एक हॉल एवं शौचालयों की समुचित व्यवस्था की गई है। विद्यालय प्रांगण में इंटरलॉकिंग टाइल एवं भवन में कोटा पत्थर का फर्श लगाया गया है।

इस अवसर पर दिल्ली नगर निगम में नेता सदन प्रवेश वाही ने कहा कि नवनिर्मित निगम प्राथमिक विद्यालय का भवन बहुत ही सुंदर बना है। उन्होंने कहा कि लोगों की धारणा बनी हुई है कि निजी स्कूल सरकारी विद्यालयों से बेहतर हैं लेकिन वास्तविकता ऐसी नहीं है निगम विद्यालयों के शिक्षक प्राइवेट विद्यालय के शिक्षकों से अधिक योग्य हैं। प्रवेश वाही ने शिक्षकों से अनुरोध किया कि वो पूरे समर्पण से बच्चों को पढ़ाए ताकि आगे चलकर बच्चे अच्छे नागरिक बनें।

नगर निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने कहा कि भगवान महावीर जयंती के अवसर पर विद्यालय प्रांगण का उदघाटन हुआ। उन्होंने कहा कि 12.5 करोड़ रुपये की लागत से बना यह विद्यालय भवन देश के भविष्य का निर्माण करेगा।

योगेश वर्मा ने कहा कि निगम विद्यालयों से पढ़े छात्र आज आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर जैसे बड़े पदों पर आसीन हैं। उन्होंने कहा कि आज उदघाटन हुए इस नवनिर्मित निगम प्राथमिक विद्यालय भवन से देश के भविष्य का निर्माण होगा। यह मात्र ईंट पत्थर का भवन नहीं बल्कि देश के भविष्य का निर्माण करने वाला प्रांगण है।

योगेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के 800 से अधिक विद्यालयों में स्मार्ट बोर्ड लगे हैं, निगम विद्यालयों में कोई भी बच्चा नीचे न बैठे इसके लिए सी एस आर के माध्यम से दो करोड़ रुपये से बेंच खरीदे गए हैं तथा बैंचों के लिए 26 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि निगम विद्यालयों की मरम्मत के लिए 44 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है ताकि निगम विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को अच्छे शौचालय एवं अच्छा वातावरण मिल सके।

योगेश वर्मा ने कहा कि अगले 2 वर्षों में सभी 250 निगम वार्डों में एक निगम श्री विद्यालय बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक निगम विद्यालय की एक वेब एप्लीकेशन बनाई है जिसकी सहायता से अभिभावक घर बैठे छात्रों का परीक्षा परिणाम एवं अन्य जानकारी प्राप्त कर सकें।

इस अवसर पर शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी, स्थानीय पार्षद डॉ रुनाक्षी शर्मा,पूर्व महापौर आदेश गुप्ता, अतिरिक्त आयुक्त संजीव मित्तल, उपायुक्त करोल बाग क्षेत्र दिलखुश मीना, शिक्षा निदेशक निखिल तिवारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story