एमसीडी सदन में अग्निकांड की घटनाओं पर हंगामा, विपक्ष ने उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
एमसीडी सदन में अग्निकांड की घटनाओं पर हंगामा, विपक्ष ने उठाए सवाल


नई दिल्ली, 25 जून (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की साधारण सभा की बैठक गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय सिविक सेंटर में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत शोक प्रस्ताव के साथ हुई।

बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी (आआपा), कांग्रेस और इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के पार्षदों ने दिल्ली में लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों ने अग्निकांड की बढ़ती घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

आम आदमी पार्टी (आआपा) के विधायक एवं एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली में लगातार अग्निकांड की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इन घटनाओं की जिम्मेदारी कौन लेगा और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए क्या ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के संयोजक मुकेश गोयल ने भी अग्निकांड की घटनाओं को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर प्रश्न खड़े किए। उन्होंने कहा कि आग की घटनाओं के बावजूद नगर निगम की ओर से प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में जवाबदेही तय की जाए और भविष्य में हादसों को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के बीच सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story