एमसीडी के 4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को समान वेतन देने की मंजूरी, 10,000 रुपये की वृद्धिः महापौर

WhatsApp Channel Join Now
एमसीडी के 4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को समान वेतन देने की मंजूरी, 10,000 रुपये की वृद्धिः महापौर


एमसीडी के 4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को समान वेतन देने की मंजूरी, 10,000 रुपये की वृद्धिः महापौर


नई दिल्ली, 14 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत लगभग 4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों के लिए समान वेतन की घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस निर्णय के पात्र कर्मचारियों के वेतन में लगभग 10,000 रुपये प्रतिमाह तक की वृद्धि होगी।

महापौर प्रवेश वाही ने बताया कि दिल्ली नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक सौगात है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में अनेक प्रशासनिक, वित्तीय, विधिक एवं अन्य औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद आज इस निर्णय पर अंतिम मुहर लगाई गई है।

महापौर ने कहा कि स्थायी समिति की अध्यक्षा सत्या शर्मा और निगमायुक्त संजीव खिरवार के साथ समन्वय करते हुए इस मामले से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा किया गया।

उल्लेखनीय है कि नेता सदन के रूप में प्रवेश वाही ने अपने बजट भाषण में ही इस संबंध में घोषणा कर दी थी, जिस पर आज अंतिम रूप से हस्ताक्षर कर दिए गए हैं। उस समय की गई घोषणा को केवल आश्वासन तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि आवश्यक प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए तथा वित्तीय, विधिक एवं अन्य प्रशासनिक बाधाओं को दूर करते हुए अब इसे वास्तविकता में बदलने का कार्य किया गया है।

वाही ने बताया कि नियमानुसार बढ़े हुए वेतन का भुगतान आगामी माह में किया जाएगा। समान वेतन का लाभ प्राप्त करने वाले इन कर्मचारियों को एमटीएस पद से संबंधित कार्यों एवं जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।

उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों के परिश्रम और सेवाओं को ध्यान में रखते हुए समान वेतन का निर्णय उनके मनोबल को बढ़ाने वाला कदम है। यह निर्णय न केवल कर्मचारियों, बल्कि उनके परिवारों के लिए भी स्वतंत्रता दिवस का विशेष तोहफा है।

वाही ने कहा कि नगर निगम विकास और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है।

महापौर ने कहा कि निगम की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने के लिए यह आवश्यक है कि कर्मचारियों को उचित कार्य वातावरण, सम्मान तथा उनके कार्य के अनुरूप वेतन एवं सुविधाएं प्राप्त हों।

महापौर ने कहा कि निगम कर्मचारियों के सर्वांगीण हितों की रक्षा करने और संपूर्ण निगम व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दिल्ली नगर निगम दृढ़ संकल्पित है।

वाही ने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ और विकसित दिल्ली के निर्माण में निगम कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके हितों की रक्षा करना निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए निगम के अधिकारियों एवं संबंधित सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए आशा जताई कि एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारी भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ दिल्ली की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अपना योगदान देते रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story