स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने निगम के प्रत्येक वार्ड में महिला पार्क विकसित करने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने निगम के प्रत्येक वार्ड में महिला पार्क विकसित करने के दिए निर्देश


नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने निगम के प्रत्येक वार्ड में महिला पार्क विकसित करने की दिशा में पहल करते हुए मंगलवार को अतिरिक्त आयुक्त संजीव मित्तल एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की।

स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने दिल्ली नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में महिला पार्क विकसित करने की दिशा में पहल करते हुए उद्यान विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं अनुकूल वातावरण में सुबह-शाम सैर करने और समय बिताने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध कराना आवश्यक है।

इस संबंध में सत्या शर्मा ने अतिरिक्त आयुक्त संजीव मित्तल एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी जोनों में सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए, ताकि ऐसे पार्कों एवं स्थानों की पहचान की जा सके, जहां महिला पार्क विकसित किए जा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक वार्ड में महिला पार्क विकसित करने की संभावनाओं का आकलन कर आवश्यक कार्यवाही की जाए।

बैठक में निगम के पार्कों में वर्षा जल संचयन व्यवस्था स्थापित करने पर भी जोर दिया गया। सत्या शर्मा ने निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड के पार्कों में वर्षा जल संचयन प्रणाली लगाने की संभावनाओं का आकलन किया जाए, ताकि वर्षा जल का संरक्षण किया जा सके और भूजल स्तर में सुधार की दिशा में योगदान दिया जा सके।

इसके अतिरिक्त, बैठक में पेड़ों की छंटाई, हरित कचरे के उचित प्रबंधन तथा पार्कों के नियमित रखरखाव जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्कों की साफ-सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए और हरित कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

स्थायी समिति अध्यक्ष ने पार्कों में नागरिकों की सुविधा के लिए सैर के लिए बेहतर ट्रैक विकसित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्कों को बेहतर एवं सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि नागरिकों को स्वच्छ, हरित और बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध हो सकें।

सत्या शर्मा ने अधिकारियों से सभी निर्देशों पर समयबद्ध कार्यवाही करने तथा पार्कों के विकास एवं रखरखाव की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story