मांगाें काे लेकर एमसीडी मुख्यालय के बाहर हड़ताल पर बैठ सीएफडब्ल्यू कर्मचारी

WhatsApp Channel Join Now
मांगाें काे लेकर एमसीडी मुख्यालय के बाहर हड़ताल पर बैठ सीएफडब्ल्यू कर्मचारी


- दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष और आआपा नेता अंकुश नारंग ने दिया समाधान का आश्वासन

नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली में मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया के बढ़ते मामलों के बीच नगर निगम के जन-स्वास्थ्य विभाग के डीबीसी एवं सीएफडब्ल्यू कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सोमवार को सिविक सेंटर, एमसीडी मुख्यालय के बाहर हड़ताल पर बैठ गए।

आम आदमी पार्टी (आआपा) के नेता और दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग साेमवार काे हड़ताल स्थल पहुंचे और कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने कर्मचारियों से हड़ताल समाप्त करने का आग्रह करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा।

अंकुश नारंग ने कहा कि उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को लेकर महापौर और निगमायुक्त से बात की है और सभी मुद्दों का शीघ्र निपटारा करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बढ़ते मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया के मामलों को देखते हुए इन कर्मचारियों की भूमिका बेहद अहम है, इसलिए जल्द से जल्द हड़ताल खत्म करना जरूरी है।

कर्मचारियों ने भी अपनी जायज मांगों को लेकर निगम प्रशासन से तुरंत सकारात्मक कदम उठाने की अपील की, ताकि दिल्ली गंभीर मौसमी बीमारियों की चपेट में न आए।

उल्लेखनीय है कि, हड़ताल के चलते दिल्ली में मौसमी बीमारियों के नियंत्रण पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778405 Articles

Share this story