दिल्ली के 250 वार्ड में प्रत्येक मंगलवार को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली के 250 वार्ड में प्रत्येक मंगलवार को चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान


नई दिल्ली, 14 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर एवं कूड़ामुक्त बनाने के संकल्प को और अधिक प्रभावी गति प्रदान करते हुए दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने राजधानी के सभी 250 वार्डों में प्रत्येक मंगलवार को सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक विशेष सघन स्वच्छता अभियान आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

यह अभियान 24 नवंबर से शुरू होगा। इस अभियान का उद्देश्य यमुना स्वच्छता अभियान की तर्ज पर दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना, कूड़ा संवेदनशील स्थलों का पूर्ण उन्मूलन करना तथा नागरिकों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।

महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि विशेष सघन स्वच्छता अभियान में आवश्यक है कि निगम के सभी विभाग, जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जमीनी स्तर पर स्वच्छता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाएं।

महापौर ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाले इस विशेष अभियान में संबंधित क्षेत्र के सांसद, विधायक, निगम पार्षद, निगमायुक्त, क्षेत्रीय उपायुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी सहभागिता करेंगे। प्रत्येक वार्ड में कम से कम दो किलोमीटर क्षेत्र में विशेष सफाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके अंतर्गत सड़कों, गलियों, फुटपाथों, सार्वजनिक स्थलों, खाली भूखंडों तथा कूड़ा संवेदनशील स्थलों की विशेष सफाई की जाएगी। अभियान का विशेष जोर ऐसे स्थानों पर रहेगा जहां बार-बार कूड़ा एकत्रित होता है और जहां नियमित सफाई के बावजूद गंदगी की समस्या बनी रहती है।

महापौर ने सभी निगम पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में चिन्हित कूड़ा संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करने तथा वहां सफाई की स्थिति का जायजा लेने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिन स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाना है, उनकी पूर्व सूचना कम से कम दो दिन पहले महापौर कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि अभियान की प्रभावी निगरानी एवं समुचित समन्वय सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही, संबंधित स्थलों की सफाई से पहले और सफाई के बाद की तस्वीरें अनिवार्य रूप से ली जाएं तथा उन्हें सोशल मीडिया और महापौर कार्यालय के साथ साझा किया जाए, जिससे अभियान के परिणामों का पारदर्शी मूल्यांकन किया जा सके।

उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था में जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अपने कर्तव्यों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले सफाई सैनिकों एवं स्वच्छता कर्मियों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित किया जाएगा। महापौर ने कहा कि जनप्रतिनिधि और अधिकारी, इस विशेष अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक मंगलवार को निर्धारित समय पर अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनभागीदारी, बेहतर निगरानी, अधिकारियों की जवाबदेही और सफाई कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों से दिल्ली की स्वच्छता व्यवस्था में सकारात्मक एवं स्थायी परिवर्तन देखने को मिलेगा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776929 Articles

Share this story