निगमायुक्त खिरवार ने ओखला लैंडफिल पर बायो-रिमेडिएशन कार्य प्रगति की समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now
निगमायुक्त खिरवार ने ओखला लैंडफिल पर बायो-रिमेडिएशन कार्य प्रगति की समीक्षा की


नई दिल्ली, 19 मई (हि.स.)। निगमायुक्त संजीव खिरवार ने मंगलवार को ओखला लैंडफिल साइट का दौरा कर चल रहे बायो-रिमेडिएशन और अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों ने निगमायुक्त संजीव खिरवार को बायोमाइनिंग गतिविधियों की वर्तमान स्थिति तथा लैंडफिल साइट पर चल रहे कार्यों के बारे में अवगत कराया। खिरवार ने ओखला लैंडफिल साइट पर बायो माइनिंग के कार्य में लगी ट्रामल मशीन के परिचालन को देखा एवं बायो माइनिंग कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि निर्धारित समय सीमा में लैंडफिल साइट पर जमा लीगेसी कचरे को खत्म किया जा सके।

निगमायुक्त ने निर्माण एवं विध्वंस कचरे का प्रसंस्करण करने वाले संयंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने ओखला इंजीनियर्ड सैनिटरी लैंडफिल साइट एवं ओखला कंपोस्ट प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय पार्षद अर्जुन पाल सिंह के साथ लाजपत नगर के कृष्णा मार्केट में स्थित कम्युनिटी सेंटर में चल रहे मरम्मत कार्यों एवं वहां बन रहे वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केंद्र का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान आयुक्त ने स्थानीय नागरिकों से बातचीत की तथा वहां उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस केंद्र का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा किया जाए। निगमायुक्त ने कम्युनिटी सेंटर की खाली पड़ी मंजिलों को आउटसोर्स करने के निर्देश दिए ताकि एमसीडी के राजस्व को बढ़ाया जा सके।

इस दौरान मध्य क्षेत्र के उपायुक्त शाश्वत सौरभ, प्रमुख अभियंता पीसी मीणा सहित निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story