निगमायुक्त संजीव खिरवार ने कालकाजी साप्ताहिक बाजार का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
निगमायुक्त संजीव खिरवार ने कालकाजी साप्ताहिक बाजार का किया निरीक्षण


निगमायुक्त संजीव खिरवार ने कालकाजी साप्ताहिक बाजार का किया निरीक्षण


नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़, सड़कों एवं फुटपाथों पर अतिक्रमण तथा यातायात जाम की समस्या के समाधान के उद्देश्य से निगमायुक्त संजीव खिरवार ने कालकाजी साप्ताहिक बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को होने वाली असुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने दक्षिण-पूर्वी क्षेत्र के उपायुक्त चिमला शिव गोपाल रेड्डी से साप्ताहिक बाजार के कारण उत्पन्न होने वाली समस्याओं और उनके समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। स्थानीय नागरिकों ने सड़कों एवं फुटपाथों पर अतिक्रमण तथा वाहनों की अनियमित पार्किंग के कारण लगने वाले जाम की समस्या से निगमायुक्त को अवगत कराया।

निगमायुक्त ने बाजार में तहबाजारी के अंतर्गत संचालित दुकानों का भी निरीक्षण किया तथा बाजार में स्वच्छता बनाए रखने और कूड़े के उचित निस्तारण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान बाजार में आने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभाग समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने के-ब्लॉक के पास हाल ही में निर्मित फिक्स्ड कॉम्पैक्टर ट्रांसफर स्टेशन (एफसीटीएस) का भी जायजा लिया और इसकी कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने एफसीटीएस से सटे खाली प्लॉट को पार्क के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र में हरित एवं सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा सके।

इस अवसर पर इस क्षेत्र की पार्षद योगिता सिंह, दिल्ली नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, मार्केट एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768699 Articles

Share this story